शहर

'तिरंगे की तस्वीर नहीं हटाऊंगा', प्रदर्शनी से फोटो नहीं हटाने पर अड़े रेहान वाड्रा; प्रियंका बोलीं-'आज वह है, कल कोई और कलाकार होगा'

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा और रॉबर्ट वाद्रा के बेटे एवं फोटोग्राफर रेहान वाद्रा ने बुधवार को कहा कि ’बीकानेर हाउस’ प्रबंधन ने एकल प्रदर्शनी से पहले उनकी हालिया विरोध-प्रदर्शनों की कई तस्वीरें हटाने का दबाव बनाया गया।

Image

रेहान वाड्रा का आरोप- प्रदर्शनी से युवा प्रदर्शनों की तस्वीरें हटाने का दबाव (फोटो-Raihan R Vadra FC)

दिल्ली : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा ने आरोप लगाया है कि दिल्ली में युवाओं के विरोध प्रदर्शन की तस्वीरें उनकी प्रदर्शनी से हटाने के लिए दबाव बनाया गया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही प्रबंधन ने उन्हें ज्यादातर तस्वीरें हटाने के लिए कहा। रेहान की प्रदर्शनी ‘नो आइडिया इज फाइनल’ आज शाम 7 बजे इंडिया गेट के पास बीकानेर हाउस में शुरू होनी थी। रायहान ने इंस्टाग्राम पर बताया कि दिल्ली में युवाओं के विरोध प्रदर्शन की तस्वीरों को प्रबंधन ने ‘आपत्तिजनक’ बताया। उन्हें तिरंगे की दो तस्वीरें हटाने के लिए भी कहा गया। इस पूरे मामले पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने अपने बेटे रेहान वाद्रा की एकल प्रदर्शनी से पहले दिल्ली में हाल ही में हुए विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ी उनकी कुछ तस्वीरें बीकानेर हाउस प्रशासन द्वारा हटाए जाने पर कहा कि देशभर में युवाओं की आवाज को दबाया जा रहा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि आज वह है, कल कोई और कलाकार होगा।

रेहान ने तिरंगे की तस्वीरें हटाने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “मैंने मना कर दिया है। मैं भारतीय झंडे की तस्वीर नहीं हटाऊंगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रदर्शनी में कुछ कलाकृतियां ही दिखाई जाएंगी। हालांकि, वह विरोध प्रदर्शन की सभी तस्वीरें दिखाने के लिए दूसरी जगह तलाशेंगे और वहां पूरा संग्रह प्रदर्शित करेंगे।

’नो आइडिया इज फाइनल’ शीर्षक वाली इस प्रदर्शनी की झलक बुधवार को दिखाई गई और यह बृहस्पतिवार से आम लोगों के लिए खुलेगी। रेहान ने कहा कि हमें बताया गया कि अगर तस्वीरें नहीं हटाई गईं, तो प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी। उन्होंने (आयोजकों) कहा कि ऐसी तस्वीरों की प्रदर्शनी के लिए यह सही समय नहीं है।

बीकानेर हाउस प्रशासन ने हटा दी थी तस्वीरें

रेहान ने बताया कि बीकानेर हाउस प्रशासन ने तिरंगे की एक तस्वीर भी हटा दी थी, जिसे उन्होंने दोबारा लगा दिया। रेहान ने एक बयान में कहा, ’’इन कलाकृतियों में वन्यजीव फोटोग्राफी, अमूर्त कला और भारत में हाल के युवा आंदोलनों से जुड़े फोटोग्राफ शामिल थे। मंगलवार शाम छह बजे बीकानेर हाउस के प्रबंधन ने मुझसे संपर्क किया और विरोध-प्रदर्शनों की तस्वीरों के ’राजनीतिक स्वरूप’ पर आपत्ति जताते हुए उन्हें हटाने का अनुरोध किया।

उन्होंने कहा कि मैंने स्पष्ट किया कि मैंने प्रदर्शनी का विस्तृत प्रस्ताव और उसकी रूपरेखा काफी पहले ही बीकानेर हाउस प्रबंधन के साथ साझा कर दी थी। ऐसे में प्रदर्शनी शुरू होने से 24 घंटे से भी कम समय पहले 50 प्रतिशत तस्वीरें हटाने का अनुरोध करना अनुचित है। बुधवार को शहर के मध्य स्थित सांस्कृतिक केंद्र बीकानेर हाउस ने कुछ तस्वीरें हटा दीं। इस संबंध में बीकानेर हाउस प्रशासन से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। प्रदर्शनी रविवार तक चलेगी और इसका आयोजन तय कार्यक्रम के अनुसार हो रहा है। वहां अब भी करीब 40 तस्वीरें प्रदर्शित हैं, जबकि 70 से अधिक तस्वीरें हटा दी गई हैं।

Ranjeeta Jha
रंजीता झाauthor

13 साल के राजनीतिक पत्रकारिता के अनुभव में मैंने राज्य की राजधानियों से लेकर देश की राजधानी तक सियासी हलचल को करीब से देखा है। प्लांट की गई बातें ख़बरें नहीं होती बल्कि बातों के पीछे छुपी सच्चाई असली ख़बर होती है। खबरें वही जो आपके सरोकार की हो वो आपतक लेकर आऊंगी।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!