अगर आप भी फेस्टिव सीजन में गाड़ी खरीदने का प्लान कर रहे हैं तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है। दरअसल, मारुति सुजुकी ने हाल ही में अपनी नई कॉम्पैक्ट SUV Victoris लॉन्च की है, जिसकी शुरुआती कीमत ₹10.49 लाख रखी गई है। इस गाड़ी को सीधा मुकाबला देना है इस सेगमेंट की सबसे पॉपुलर SUV Hyundai Creta को। क्रेटा की शुरुआती कीमत ₹11.11 लाख है। यानी कीमत के मामले में मारुति ने विक्टोरिस को थोड़ी और किफायती रखा है। ऐसे में आइए जानते हैं फेस्टिव सीजन में Hyundai की Creta या Maruti Suzuki की Victoris क्या लेना आपके लिए वैल्यू फॉर मनी हो सकता है?
Victoris की खासियत
अगर बात इंजन की करें तो विक्टोरिस में 1.5-लीटर स्मार्ट हाइब्रिड पेट्रोल और 1.5-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पेट्रोल इंजन दिए गए हैं। इसके साथ CNG का विकल्प भी मौजूद है। इसमें 5-स्पीड मैनुअल, 6-स्पीड ऑटोमैटिक और टॉप वेरिएंट्स में AllGrip Select ऑटोमैटिक भी मिलता है। कीमत की बात करें तो विक्टोरिस का मैनुअल टॉप वेरिएंट ₹15.81 लाख तक जाता है, जबकि ऑटोमैटिक वेरिएंट्स की कीमत ₹13.35 लाख से शुरू होकर ₹17.76 लाख तक पहुंचती है। इसके AllGrip Select वेरिएंट्स की कीमत ₹18.63 लाख से ₹19.21 लाख तक है।
Hyundai Creta की खासियत
दूसरी ओर, हुंडई क्रेटा पेट्रोल वेरिएंट्स में 1.5-लीटर नॉर्मल पेट्रोल और 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ आती है। इसके अलावा इसमें डीजल का विकल्प भी है। क्रेटा के ऑटोमैटिक वेरिएंट (IVT) की कीमत ₹15.99 लाख से शुरू होती है, जबकि टर्बो पेट्रोल इंजन वाले वेरिएंट्स की कीमत ₹20.19 लाख से ₹20.34 लाख तक जाती है।
कौन सी गाड़ी होगी वैल्यू फॉर मनी?
अब सवाल है कि किसे चुना जाए? अगर आप बजट-फ्रेंडली SUV चाहते हैं, जिसमें ज्यादा माइलेज और CNG जैसे किफायती विकल्प मिलें, तो मारुति विक्टोरिस बेहतर डील साबित हो सकती है। वहीं, अगर आपको ज्यादा पावर, प्रीमियम फीचर्स और टर्बो पेट्रोल इंजन का मज़ा चाहिए, तो हुंडई क्रेटा आपके लिए सही चॉइस है। कुल मिलाकर, विक्टोरिस कीमत और फ्यूल ऑप्शन्स में आगे है, जबकि क्रेटा पावर और प्रीमियम ड्राइविंग एक्सपीरियंस के मामले में बढ़त रखती है।
