शहर

अब दिल्ली से मेरठ का सफर सिर्फ 36 मिनट में, नमो भारत की 8 फास्ट ट्रेनें कल से होंगी शुरू

दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर 16 नवंबर से आठ अतिरिक्त फास्ट ट्रेनें शुरू होंगी। केवल पांच स्टेशनों पर रुकने वाली इन ट्रेनों से आनंद विहार से मेरठ तक का सफर 36 मिनट में पूरा होगा।

Image

नमो भारत (File Photo)

Photo : PTI

Delhi Meerut Namo Bharat: दिल्ली और मेरठ के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। नमो भारत कॉरिडोर पर अब सफर पहले से भी तेज होने जा रहा है। कल यानी सोमवार से NCRTC आठ अतिरिक्त फास्ट ट्रेनें शुरू करने जा रहा है। ये ट्रेनें सुबह और शाम के पीक आवर्स (व्यस्त समय) में चलेंगी। खास बात यह है कि ये ट्रेनें हर स्टेशन पर नहीं रुकेंगी, बल्कि केवल पांच प्रमुख स्टेशनों पर इनका स्टॉपेज होगा। इस सुविधा से खासतौर पर उन लोगों को फायदा होगा जो रोजाना ऑफिस, कॉलेज या दूसरे जरूरी कामों के लिए दिल्ली और मेरठ के बीच आते-जाते हैं।

आनंद विहार से बेगमपुल पहुंचेंगे सिर्फ 36 मिनट में

नई फास्ट ट्रेनों के चलने से यात्रियों को कम समय में लंबी दूरी तय करने की सुविधा मिलेगी। आनंद विहार से गाजियाबाद पहुंचने में सिर्फ 8 मिनट और गाजियाबाद से मेरठ के बेगमपुल स्टेशन तक पहुंचने में 28 मिनट लगेंगे। यानी आनंद विहार से बेगमपुल तक का सफर केवल 36 मिनट में ही पूरा हो सकेगा। वहीं, पूरे दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर की यात्रा 50 मिनट से भी कम समय में की जा सकेगी।

सुबह और शाम कब चलेंगी फास्ट ट्रेनें?

NCRTC के मुताबिक, सुबह और शाम के समय आठ फास्ट ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनका शेड्यूल इस प्रकार है:

  • सुबह 8:00 बजे: सराय काले खां से मोदीपुरम और मोदीपुरम से सराय काले खां के लिए ट्रेनें।
  • सुबह 8:30 बजे: दोनों दिशाओं में एक-एक फास्ट ट्रेन।
  • शाम 6:00 बजे: दोनों टर्मिनल स्टेशनों से फास्ट ट्रेनें रवाना होंगी।
  • शाम 6:30 बजे: दोनों दिशाओं में एक-एक अतिरिक्त फास्ट ट्रेन चलेगी।
इस तरह सुबह चार और शाम को चार फास्ट ट्रेनें चलेंगी। ये मौजूदा नियमित सेवाओं के अलावा होंगी। सामान्य नमो भारत ट्रेनें पहले की तरह हर 10 मिनट में उपलब्ध रहेंगी। फास्ट और नियमित ट्रेनों के स्टॉपेज अलग-अलग होंगे। इसलिए सभी यात्री स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने से पहले डिस्प्ले बोर्ड जरूर देखें और प्लेटफॉर्म पर होने वाली घोषणाओं पर ध्यान दें।

सिर्फ इन 5 स्टेशनों पर होगा ठहराव

फास्ट ट्रेनों को कम समय में मंजिल तक पहुंचाने के लिए इनके स्टॉपेज सीमित रखे गए हैं। ये ट्रेनें केवल पांच स्टेशनों पर रुकेंगी:

  • सराय काले खां
  • आनंद विहार
  • गाजियाबाद
  • बेगमपुल
  • मोदीपुरम

रोजाना 1.1 लाख यात्री कर रहे सफर

नमो भारत ट्रेनें लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं। इस कॉरिडोर पर रोजाना करीब 1.1 लाख यात्री सफर कर रहे हैं। कॉरिडोर अब तक 5 करोड़ पैसेंजर जर्नी का आंकड़ा भी पार कर चुका है। पिछले तीन महीनों में हर महीने औसतन 32 लाख से ज्यादा यात्राएं दर्ज की गई हैं। NCRTC का कहना है कि फास्ट ट्रेनें शुरू करने का मकसद यात्रियों का समय बचाने के साथ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना भी है। इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव और प्रदूषण कम करने में मदद मिल सकती है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article