ऑटो न्यूज़

Tata Safari EV और Avinya मचाएंगी धमाल, दमदार होगी रेंज, जानिए कब तक होंगी लॉन्च

Tata अगले पांच वर्षों में अपने पैसेंजर व्हीकल पोर्टफोलियो में EV की हिस्सेदारी को करीब 30 प्रतिशत तक बढ़ाना चाहती है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए कंपनी अपनी EV लाइनअप में चार नए इलेक्ट्रिक मॉडल जोड़ने वाली है।

Image

Tata Safari EV और Avinya की जल्द होने जा रही है एंट्री

Tata Motors ने आने वाले वर्षों के लिए एक बड़ा रोडमैप तैयार किया है। कंपनी वित्त वर्ष 2031 (FY2031) तक अपने पैसेंजर व्हीकल पोर्टफोलियो में छह नए मॉडल शामिल करने की योजना बना रही है। कंपनी का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में अपने पैसेंजर व्हीकल पोर्टफोलियो में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी को करीब 30 प्रतिशत तक पहुंचाना है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए Tata Motors अपनी EV लाइनअप में चार नए इलेक्ट्रिक मॉडल जोड़ने वाली है।

दिवाली 2026 में लॉन्च हो सकती है Tata Safari EV

Tata Motors की सबसे चर्चित अपकमिंग इलेक्ट्रिक एसयूवी में Tata Safari EV का नाम सबसे ऊपर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी इसे 2026 की दिवाली के आसपास लॉन्च कर सकती है। यह SUV कंपनी के नए Acti.ev+ प्लेटफॉर्म पर तैयार होगी, जिस पर पहले से Harrier EV भी आधारित है। उम्मीद की जा रही है कि Safari EV में Harrier EV वाला ही इलेक्ट्रिक पावरट्रेन देखने को मिल सकता है। Harrier EV में 65kWh और 75kWh के दो बैटरी पैक विकल्प दिए गए हैं, जिनकी अधिकतम दावा की गई ड्राइविंग रेंज 622 किलोमीटर तक है। हालांकि Safari EV आकार और वजन में बड़ी होने के कारण इसकी वास्तविक रेंज कुछ अलग हो सकती है।

टेक्नोलॉजी के मामले में होगी काफी एडवांस

नई Safari EV में Tata की TiDAL (Tata Intelligent Digital Architecture Layer) इलेक्ट्रॉनिक आर्किटेक्चर मिलने की संभावना है। यह सिस्टम कई आधुनिक फीचर्स को सपोर्ट करता है, जिनमें एडवांस्ड कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, 540-डिग्री कैमरा, ओवर-द-एयर (OTA) सॉफ्टवेयर अपडेट और ADAS जैसे सेफ्टी फीचर्स शामिल हो सकते हैं। डिजाइन की बात करें तो Safari EV का लुक मौजूदा पेट्रोल-डीजल मॉडल से अलग होगा।

2027 में दस्तक देगी प्रीमियम Avinya EV

Safari EV के बाद Tata Motors अपनी प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV Avinya को 2027 में बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने इसकी टेस्टिंग भी शुरू कर दी है और सामने आई स्पाई तस्वीरों से संकेत मिलता है कि प्रोडक्शन मॉडल काफी हद तक इसके कॉन्सेप्ट डिजाइन जैसा ही होगा।

Avinya EV में क्लोज्ड फ्रंट ग्रिल, स्लिम DRLs, वर्टिकल लाइटिंग एलिमेंट्स, बड़े एयरो-ऑप्टिमाइज्ड अलॉय व्हील, फ्लश डोर हैंडल, कूपे-स्टाइल रूफलाइन और आकर्षक रैपअराउंड टेललाइट्स जैसे डिजाइन एलिमेंट्स देखने को मिल सकते हैं। इसका डिजाइन भविष्य की इलेक्ट्रिक कारों की झलक देने वाला माना जा रहा है।

दमदार बैटरी और अल्ट्रा-फास्ट चार्जिंग पर रहेगा फोकस

हालांकि Tata Motors ने Avinya EV के पावरट्रेन की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इसमें 65kWh से 80kWh तक के बैटरी पैक विकल्प मिल सकते हैं। यह एसयूवी Freelander आर्किटेक्चर पर आधारित होगी, जिसे Chery और JLR (Jaguar Land Rover) के संयुक्त सहयोग से विकसित किया गया है। यह प्लेटफॉर्म हाई-वोल्टेज इलेक्ट्रिकल सिस्टम और 350kW तक की DC फास्ट चार्जिंग क्षमता को सपोर्ट करने में सक्षम माना जा रहा है। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले ग्राहकों को तेज चार्जिंग का फायदा मिल सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article