New Toyota Innova Hycross MPV: टोयोटा किर्लोसकर मोटर ने भारतीय मार्केट के लिए बिल्कुल नई इनोवा हाइक्रॉस से पर्दा हटा लिया है. मौजूदा मॉडल के मुकाबले नई इनोवा पूरी तरह बदल गई है और इसे नए मोनोकॉक इंजन के अलावा पेट्रोल हाइब्रिड इंजन से लैस किया गया है. ये पहली बार है जब नई जनरेशन इनोवा के साथ कंपनी ने हाइब्रिड इंजन दिया है, इसके अलावा एमपीवी के साथ टोयोटा ने डीजल इंजन का विकल्प ही नहीं दिया है. धाकड़ लुक वाली नई इनोवा हाइक्रॉस को आरामदायक केबिन के साथ हाइटेक फीचर्स मिले हैं.
जनवरी 2023 से शुरू होगी डिलीवरी
टोयोटा ने इसकी बुकिंग शुरू कर दी है और जनवरी 2023 से ये कार ग्राहकों को मिलनी शुरू हो जाएगी. नई एमपीवी को दो पेट्रोल और 3 हाइब्रिड वेरिएंट्स में पेश किया गया है. स्टाइल और डिजाइन के मामले में ये जोरदार गाड़ी है जिसके अगले हिस्से में चौड़ी ग्रिल और इसके दोनों ओर एलईडी हेडलैंप्स और डीआरएल दिए गए हैं. अगले-पिछले हिस्से में दमदार बंपर्स दिए गए हैं जो चौड़े इंटेक्स के साथ आए हैं. इनोवा हाइक्रॉस को झुकती हुई छत दी गई है जो इसे ठेठ एमपीवी वाला लुक देती है.
फीचर्स के मामले में जोरदार
नई टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस के साथ हाइटेक केबिन दिया गया है जो टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम से लैस है, ये एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी वाला है. इंटीरियर बहुत खूबसूरत है और यहां पावर्ड टेलगेट, मूड लाइटिंग, कैप्टन सीट्स वाला 6-सीटर वेरिएंट, पैनोरमिक सनरूफ, छत पर लगे एसी वेंट्स और कलर्ड एमआईडी के साथ आया नया इंस्ट्रूमेंट कंसोल भी दिया गया है. सबसे बड़े फीचर्स में एडीएएस शामिल है. एमपीवी के साथ 6 एयरबैग्स दिए गए हैं और भारत में टोयोटा की ये पहली गाड़ी है जिसे ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम मिला है.
कितना दमदार है हाइब्रिड इंजन
नई इनोवा हाइक्रॉस के सबसे बड़े बदलावों में मुख्य रूप से इसका नया पेट्रोल हाइब्रिड इंजन शामिल है. जहां इस एमपीवी का डीजल वेरिएंट लंबे समय से ग्राहकों की पहली पसंद बना हुआ है, वहीं कंपनी ने नई इनोवा के साथ डीजल विकल्प ही नहीं दिया है. इसके साथ बिल्कुल नए 2.0-लीटर पेट्रोल और 2.0-लीटर पेट्रोल हाइब्रिड इंजन दिए गए हैं. एआरएआई की मानें तो ये कार 21.1 किमी/लीटर माइलेज देती है, इसका मतलब ये है कि एक बार फुल टैंक कराने पर एमपीवी को 1,097 किमी तक चलाया जा सकता है.
