ऑटो न्यूज़

Mahindra XUV 3XO सीएनजी 15 अक्टूबर को होगी लॉन्च, जानिए क्या कुछ होगा खास

महिंद्रा SUV XUV 3XO सीएनजी पेश करने जा रही है। कंपनी इस मॉडल को इसी महीने 15 अक्टूबर को पेश करेगी।

Image

Mahindra XUV 3XO CNG जल्द होने जा रही लॉन्च

महिंद्रा (Mahindra) अपनी पॉपुलर कॉम्पैक्ट SUV XUV 3XO को जल्द ही नए पावरट्रेन विकल्प के साथ पेश करने जा रही है। कंपनी XUV 3XO का CNG वर्जन 15 अक्टूबर 2026 को लॉन्च करेगी। इसके साथ ही XUV 3XO पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक के बाद CNG पावरट्रेन पाने वाली चौथी गाड़ी बन जाएगी। नए CNG मॉडल से उन ग्राहकों को आकर्षित करने की कोशिश होगी, जो SUV का लुक और ऊंची सीटिंग के साथ कम रनिंग कॉस्ट चाहते हैं।

1.2 लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद

महिंद्रा XUV 3XO CNG में 1.2-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन का इस्तेमाल किए जाने की उम्मीद है। यह इंजन मल्टी-पॉइंट फ्यूल इंजेक्शन यानी MPFI तकनीक के साथ आ सकता है। पेट्रोल वर्जन में यही इंजन 111hp की पावर देता है। हालांकि, CNG मोड में इसकी पावर और टॉर्क कितनी होगी, इसकी आधिकारिक जानकारी कंपनी ने अभी साझा नहीं की है। CNG वर्जन में मैनुअल गियरबॉक्स मिलने की संभावना है। कंपनी अगर फैक्ट्री-फिटेड CNG सिस्टम देती है, तो ग्राहकों को आफ्टरमार्केट CNG किट की तुलना में बेहतर इंटीग्रेशन और वारंटी का फायदा मिल सकता है।

CNG टैंक से कम हो सकता है बूट स्पेस

XUV 3XO CNG के सामने सबसे बड़ी चुनौती CNG टैंक की पैकेजिंग होगी। XUV 3XO का बूट स्पेस पहले से ही कुछ प्रतिद्वंद्वी मॉडलों की तुलना में सीमित है। ऐसे में CNG टैंक लगाने के बाद सामान रखने की जगह और कम हो सकती है। महिंद्रा बूट स्पेस को बचाने के लिए डुअल-सिलेंडर सेटअप या बूट फ्लोर के नीचे टैंक लगाने का विकल्प अपना सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

किन कारों से होगा मुकाबला

XUV 3XO CNG का मुकाबला कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में Maruti Suzuki Brezza CNG और Tata Nexon CNG जैसे मॉडल से होने की उम्मीद है। CNG विकल्प के जरिए महिंद्रा कम ईंधन खर्च चाहने वाले ग्राहकों तक अपनी पहुंच बढ़ा सकती है।

कितनी हो सकती है कीमत

महिंद्रा XUV 3XO CNG की कीमत को लेकर आधिकारिक घोषणा 15 अक्टूबर को करेगी। उम्मीद की जा रही है कि इसकी कीमत समान पेट्रोल वेरिएंट से करीब 1 लाख रुपये अधिक हो सकती है। हालांकि, अंतिम कीमत इसमें मिलने वाले फीचर्स और CNG तकनीक पर निर्भर करेगी।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article