JSW MG Motor India ने अपनी पॉपुलर एसयूवी Hector की लिमिटेड-एडिशन STORM Series लॉन्च की है। इस सीरीज में Hector BLACKSTORM और Hector SNOWSTORM एडिशन शामिल हैं। कंपनी ने इन दोनों मॉडल्स को अलग-अलग एक्सटीरियर थीम, डार्क इंटीरियर और खास एक्सेसरीज के साथ पेश किया है। दोनों एडिशन 5-सीटर कॉन्फिगरेशन में उपलब्ध हैं और इनमें 1.5-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन के साथ CVT गियरबॉक्स दिया गया है। आइए जल्दी से इस सीरीज के मॉडल के लुक फीचर्स और इंजन स्पेसिफिकेशन पर एक नजर डाल लें-
एक्सटीरियर में मिला नया लुक
2026 MG Hector BLACKSTORM और SNOWSTORM को नया ऑल-ब्लैक Storm Hex Grille दिया गया है। इसके साथ फ्रंट और रियर बंपर पर खास गार्निश भी मिलते हैं। SUV में Aura Storm Blade अलॉय व्हील्स लगाए गए हैं, जिन्हें लाल ब्रेक कैलिपर्स के साथ जोड़ा गया है। इसके अलावा ब्रांड लोगो, स्किड प्लेट्स, टेलगेट एक्सेंट और बॉडी-साइड क्लैडिंग पर डार्क क्रोम एलिमेंट्स दिए गए हैं। दोनों एडिशन में पियानो ब्लैक रूफ रेल्स, पियानो ब्लैक बेजल्स के साथ LED हेडलैंप और स्मोक्ड कनेक्टेड टेल-लैंप मिलते हैं। इससे SUV को ज्यादा स्पोर्टी और प्रीमियम लुक मिलता है।
इंटीरियर भी है खास
केबिन में Nimbus Black इंटीरियर थीम दी गई है। इसमें ऑल-ब्लैक लेदर सीट्स के साथ फ्रंट हेडरेस्ट पर BLACKSTORM या SNOWSTORM की खास एम्बॉसिंग मिलती है। स्टीयरिंग व्हील को लेदर से लपेटा गया है और इसमें गनमेटल फिनिश दी गई है। ग्राहकों को STORM Series पैकेज भी मिलेगा, जिसमें BLACKSTORM और SNOWSTORM बैज, रेड टेलगेट एक्सेंट, रेड एक्सेंट वाले फॉग लैम्प आई शैडोज, ORVM प्रोटेक्टर्स और साइड स्टेप बोर्ड शामिल हैं। खास बात यह है कि यह पैकेज डीलरशिप पर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के फिट करवाया जा सकता है।
फीचर्स और सेफ्टी
एसयूवी में 14-इंच HD पोर्ट्रेट इंफोटेनमेंट स्क्रीन दी गई है, जिसमें i-SWIPE टच जेस्चर कंट्रोल मिलता है। इसके जरिए दो और तीन उंगलियों के जेस्चर से AC, म्यूजिक और नेविगेशन जैसे फंक्शन ऑपरेट किए जा सकते हैं। इसके अलावा डिजिटल ब्लूटूथ की, की-शेयरिंग, 17.78 सेमी डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, i-SMART कनेक्टेड टेक्नोलॉजी और रिमोट AC कंट्रोल भी मिलता है। सेफ्टी के लिए 360-डिग्री सराउंड व्यू कैमरा, व्हील व्यू, ABS के साथ EBD, ESP, ट्रैक्शन कंट्रोल, हिल होल्ड कंट्रोल और ब्रेक असिस्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
इंजन और फाइनेंसिंग
Hector STORM Series में 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन है, जो 143 PS की पावर और 250 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी के मुताबिक ग्राहकों को 84 महीने तक की अवधि के लिए SUV की ऑन-रोड कीमत पर 100% तक फाइनेंसिंग मिल सकती है।
