Renault Duster BNCAP rating: Renault India ने अपनी नई Renault Duster के साथ भारतीय बाजार में शानदार वापसी की तैयारी कर ली है। कंपनी ने घोषणा की है कि नई Duster को Bharat New Car Assessment Programme (BNCAP) के तहत 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। यह उपलब्धि SUV सेगमेंट में इसे एक मजबूत और सुरक्षित विकल्प बनाती है।
सुरक्षा के मामले में बेहतरीन प्रदर्शन

Renault Duster (Photo: Renault)
नई Renault Duster ने अडल्ट और बच्चों दोनों की सुरक्षा के मामले में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। वयस्क सुरक्षा (Adult Occupant Protection) में इसे 32 में से 30.49 अंक मिले हैं, जबकि बच्चों की सुरक्षा (Child Occupant Protection) में 49 में से 45 अंक हासिल हुए हैं। यह रेटिंग EVOLUTION, TECHNO और ICONIC जैसे सभी वेरिएंट्स पर लागू होती है, जिससे यह साफ है कि कंपनी ने हर वेरिएंट में समान स्तर की सुरक्षा सुनिश्चित की है।
इस SUV को मजबूत RGMP प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है, जिसमें बेहतर स्ट्रक्चरल मजबूती दी गई है। इसे खासतौर पर इस तरह डिजाइन किया गया है कि अलग-अलग दुर्घटना स्थितियों में यात्रियों को अधिकतम सुरक्षा मिल सके।
दमदार फीचर के साथ आती है Duster
फीचर्स की बात करें तो नई Duster में 35 सेफ्टी फीचर्स स्टैंडर्ड रूप से दिए गए हैं। इनमें इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP), 6 एयरबैग, हिल होल्ड कंट्रोल, हिल डिसेंट कंट्रोल, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), ISOFIX चाइल्ड सीट एंकर और सभी यात्रियों के लिए 3-पॉइंट सीट बेल्ट शामिल हैं। इसके अलावा, इसमें 17 एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) भी दिए गए हैं, जो ड्राइविंग को और सुरक्षित बनाते हैं। इनमें एडाप्टिव क्रूज़ कंट्रोल, लेन कीप असिस्ट, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग और ब्लाइंड स्पॉट डिटेक्शन जैसे फीचर्स शामिल हैं।
SUV परफॉर्मेंस और सुरक्षा दोनों का बेहतरीन कॉम्बिनेशन
कंपनी के अनुसार, Duster को शुरू से ही 5-स्टार सेफ्टी मानकों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया था। इसके लिए कई क्रैश टेस्ट और रियल-लाइफ कंडीशंस में टेस्टिंग की गई, जिससे इसकी सुरक्षा को और मजबूत बनाया गया।
Renault Engineering के चीफ Dr. V Vikraman ने इस मौके पर कहा, "यह उपलब्धि जमीनी स्तर पर की गई मजबूत इंजीनियरिंग का परिणाम है। Duster को वास्तविक क्रैश टेस्ट और सिस्टम-लेवल वैलिडेशन से गुजराया गया, जिसमें खास तौर पर भारतीय सड़क परिस्थितियों को ध्यान में रखा गया। बॉडी स्ट्रक्चर की परफॉर्मेंस से लेकर रेस्ट्रेंट कैलिब्रेशन और इलेक्ट्रॉनिक सेफ्टी सिस्टम तक, हर पहलू को इस तरह डिजाइन, टेस्ट और बेहतर किया गया है कि सभी मिलकर बेहतर तरीके से काम करें। 5-स्टार BNCAP रेटिंग इस पूरी इंजीनियरिंग और परीक्षण प्रक्रिया की सख्ती को दर्शाती है।"
Duster अपने बेहतर राइड क्वालिटी, स्टेबिलिटी और विभिन्न सड़क परिस्थितियों में शानदार प्रदर्शन के लिए भी जानी जाती है। अब 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिलने के बाद यह SUV परफॉर्मेंस और सुरक्षा दोनों का बेहतरीन कॉम्बिनेशन बन गई है।
