भारतीय बाजार में किफायती 7-सीटर MPV के तौर पर अपनी पहचान बना चुकी Renault Triber को अब बड़ा अपडेट मिलने वाला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी जल्द ही इस कार में 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन पेश करने की तैयारी कर रही है, जिससे इसकी परफॉर्मेंस पहले से काफी बेहतर हो जाएगी।
इस साल के अंत में हो सकती है लॉन्च
दरअसल, Triber के लॉन्च के समय से ही उम्मीद की जा रही थी कि इसमें टर्बो इंजन दिया जाएगा, लेकिन कंपनी ने पहले इस इंजन को अपनी SUV Renault Kiger में पेश किया। अब लंबे इंतजार के बाद यह इंजन Triber में भी लाने की योजना फिर से सामने आई है और इसकी लॉन्चिंग इस साल के अंत तक, यानी सितंबर-अक्टूबर के आसपास हो सकती है।
1.0-लीटर, 3-सिलेंडर टर्बो पेट्रोल
इस नए इंजन की बात करें तो यह 1.0-लीटर, 3-सिलेंडर टर्बो पेट्रोल यूनिट होगा, जिसे HR10 कोडनेम दिया गया है। यह इंजन करीब 100hp की पावर और 160Nm का टॉर्क जनरेट करता है, जो मौजूदा इंजन की तुलना में काफी ज्यादा है। खास बात यह है कि यह इंजन पहले से Renault Kiger और Nissan Magnite जैसी कारों में इस्तेमाल हो रहा है, जिससे इसकी विश्वसनीयता भी साबित हो चुकी है।
गाड़ी चलाना होगा और भी आसान
नई Triber में यह टर्बो इंजन मैनुअल और CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दोनों विकल्पों के साथ आ सकता है। इससे ग्राहकों को ज्यादा ड्राइविंग ऑप्शन मिलेंगे और लंबी दूरी या फुल लोड के साथ गाड़ी चलाना भी आसान होगा।
फैक्ट्री-फिटेड CNG वर्जन भी लाने की योजना
इतना ही नहीं, कंपनी इस इंजन के साथ फैक्ट्री-फिटेड CNG वर्जन भी लाने की योजना बना रही है। खास बात यह होगी कि इसमें डुअल CNG सिलेंडर अंडरबॉडी में लगाए जाएंगे, जिससे बूट स्पेस पर कोई असर नहीं पड़ेगा। यह फीचर उन ग्राहकों के लिए काफी उपयोगी होगा, जो कम खर्च में ज्यादा माइलेज चाहते हैं।
ग्राहकों का जल्द खत्म होगा इंतजार
अब तक Triber में सिर्फ 1.0-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड इंजन मिलता है, जिसे पावर के मामले में थोड़ा कमजोर माना जाता है। ऐसे में टर्बो इंजन का आना ग्राहकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगा।
