Renault Duster का हाइब्रिड वर्जन भारतीय बाजार में जल्द एंट्री लेने जा रहा है। कंपनी नई Duster Hybrid को 17 अक्टूबर 2026 को लॉन्च करेगी। यह नया वेरिएंट मौजूदा 1.0-लीटर और 1.3-लीटर टर्बो-पेट्रोल वर्जन के साथ बिक्री के लिए पेश होगा। इससे पहले Renault ने इस साल मार्च में नई जनरेशन Duster को भारत में दो टर्बो-पेट्रोल इंजन विकल्पों के साथ पेश किया था। अब कंपनी इसमें स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड पावरट्रेन जोड़ने जा रही है।
Renault Duster Hybrid का पावरट्रेन
नई Duster Hybrid में HR18 स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड सिस्टम दिया जाएगा। इसे Horse Powertrain और Renault-Geely जॉइंट वेंचर ने डेवलप किया है। इस सिस्टम में 1.8-लीटर, 4-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर और 1.4kWh बैटरी पैक शामिल है। इनमें से एक इलेक्ट्रिक मोटर स्टार्टर-जनरेटर के तौर पर काम करती है, जबकि दूसरी मोटर पहियों को पावर देती है। इस हाइब्रिड सिस्टम का संयुक्त आउटपुट 160hp और 172Nm बताया गया है।
इस सिस्टम की खासियत यह है कि इसमें e-CVT के बजाय फिक्स्ड गियर रेश्यो का इस्तेमाल किया गया है। इसमें इलेक्ट्रिक, पेट्रोल और हाइब्रिड जैसे अलग-अलग ड्राइविंग मोड मिलेंगे। Renault का दावा है कि सिटी ड्राइविंग के दौरान SUV करीब 80 प्रतिशत समय EV मोड में चल सकती है।
कितनी होगी Duster Hybrid की माइलेज?
फिलहाल Renault ने भारत में बिकने वाली Duster Hybrid की आधिकारिक ARAI माइलेज का खुलासा नहीं किया है। हालांकि, रिपोर्ट्स और अनुमान के मुताबिक इसकी माइलेज करीब 22-25km/l के आसपास हो सकती है। वास्तविक माइलेज ड्राइविंग कंडीशन, ट्रैफिक और ड्राइविंग स्टाइल पर निर्भर करेगी।
कितनी होगी Duster Hybrid की कीमत?
कीमत की बात करें तो Renault Duster Hybrid की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 20 लाख रुपये होने का अनुमान है। कंपनी इसे मुख्य रूप से Duster के ऊंचे वेरिएंट्स में पेश कर सकती है। फिलहाल Duster की शुरुआती कीमत 10.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड सिस्टम के चलते नए वेरिएंट की कीमत मौजूदा मॉडल से काफी ज्यादा होने की संभावना है। हालांकि, इसकी फाइनल कीमत और आधिकारिक माइलेज लॉन्च के समय ही सामने आएगी।
