ऑटो न्यूज़

एसयूवी बनी हुई है भारतीय ग्राहकों की पहली पसंद, बिक्री में लगातार हो रहा इजाफा

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Mar 12, 2024, 08:39 PM IST

Vehicles Sales In February: बीते कई महीनों से एसयूवी सेगमेंट की बिक्री में बड़ोतरी दर्ज हो रही है, सभी कंपनियों इस सेगमेंट में कई तरह की गाड़ियां बेच रही हैं। फरवरी 2024 में स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन सेगमेंट की बिक्री साल दर साल 10 प्रतिशत से ज्यादा हो गई है।

Image

यात्री वाहनों ने इस साल फरवरी में अपनी अब तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की।

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • वाहनों की बिक्री में बड़ा उछाल
  • एसयूवी का मार्केट पर है कब्जा
  • साल दर साल बिक्री 10 % बढ़ी

भारत में यात्री वाहनों की थोक बिक्री फरवरी में सालाना आधार पर 11 प्रतिशत बढ़ी। उद्योग निकाय सियाम ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि स्पोर्ट यूटीलिटी वाहनों (एसयूवी) की बाजार पर पकड़ बरकरार है। ऑटो कंपनियों ने पिछले महीने डीलरों को कुल 3,70,786 यात्री वाहन भेजे, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह आंकड़ा 3,34,790 इकाई था। सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने एक बयान में कहा, ''यात्री वाहनों ने इस साल फरवरी में अपनी अब तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की। यह आंकड़ा फरवरी 2023 की तुलना में 10.8 प्रतिशत बढ़कर 3.7 लाख इकाई रहा।''

दोपहिया वाहनों की बिक्री

समीक्षाधीन माह में कुल दोपहिया वाहनों की बिक्री 35 प्रतिशत बढ़कर 15,20,761 इकाई हो गई, जो पिछले साल इसी महीने में 11,29,661 इकाई थी। इसी तरह तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री फरवरी में 54,584 इकाई रही, जो पिछले साल समान माह में 50,382 इकाई थी। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने एक बयान में कहा कि पिछले साल के मुकाबले फरवरी 2024 में यात्री वाहनों, दोपहिया और तिपहिया वाहनों की बिक्री बढ़ी, जबकि वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में थोड़ी गिरावट हुई।

फाडा का क्या आया बयान

'फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन' (फाडा) के अध्यक्ष मनीष राज सिंघानिया ने एक बयान में कहा, "फरवरी के महीने में यात्री वाहनों की अब तक की सर्वाधिक बिक्री दर्ज की गई। नए उत्पादों की रणनीतिक पेशकश और वाहनों की उपलब्धता बढ़ने की इसमें अहम भूमिका रही।"

कमर्शियल वाहनों की बिक्री बढ़ी

फरवरी में वाणिज्यिक वाहनों की खुदरा बिक्री बढ़कर 88,367 इकाई हो गई, जो पिछले साल के इसी महीने की तुलना में पांच प्रतिशत अधिक है। सिंघानिया ने कहा कि नकदी प्रवाह की कमी और चुनाव से संबंधित खरीद स्थगन जैसी बाओं के बावजूद इस खंड में वृद्धि देखी गई, जो इस क्षेत्र के लचीलेपन और क्रमिक सुधार को उजागर करती है। तिपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री भी पिछले महीने 24 प्रतिशत बढ़कर 94,918 इकाई हो गई। इसी तरह, ट्रैक्टर की बिक्री 11 प्रतिशत बढ़कर 76,626 इकाई हो गई।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article