अगर आप अपनी पुरानी बाइक (used bike) बेचने की योजना बना रहे हैं और चाहते हैं कि खरीदार आपको उसकी अच्छी कीमत दे, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना होगा। अक्सर लोग जल्दबाजी में बाइक (second hand bike) बेच देते हैं, जिससे उन्हें उसकी सही कीमत नहीं मिल पाती। बाइक की कंडीशन, सर्विस रिकॉर्ड, कागजात और बेचने का सही तरीका उसकी रीसेल वैल्यू तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में बाइक बेचने से पहले इन 5 जरूरी बातों पर ध्यान देना फायदेमंद हो सकता है-
बाइक की सर्विस और मेंटेनेंस पर दें ध्यान
पुरानी बाइक बेचने से पहले उसकी अच्छी तरह सर्विस करवा लें। इंजन ऑयल, ब्रेक, क्लच, चेन, टायर और लाइट्स जैसी जरूरी चीजों की जांच करवाएं। अगर बाइक से कोई असामान्य आवाज आ रही है या उसमें छोटी-मोटी खराबी है, तो उसे ठीक करवा लें। साफ-सुथरी और अच्छी तरह मेंटेन की गई बाइक खरीदार पर बेहतर प्रभाव डालती है। इससे आपको अपनी बाइक की अच्छी कीमत मिलने की संभावना बढ़ सकती है।
सभी जरूरी डॉक्यूमेंट रखें तैयार
बाइक बेचते समय उसके सभी जरूरी डॉक्यूमेंट्स तैयार होने चाहिए। इनमें रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC), इंश्योरेंस, पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट और सर्विस रिकॉर्ड शामिल हैं। अगर बाइक पर लोन लिया था, तो उसका लोन क्लोजर और हाइपोथिकेशन हटने से जुड़े डॉक्यूमेंट भी जरूरी हो सकते हैं। पूरे कागजात होने से खरीदार का भरोसा बढ़ता है और डील करने में आसानी होती है।
बाइक की सफाई और लुक पर दें ध्यान
बाइक की बाहरी कंडीशन भी उसकी रीसेल वैल्यू को प्रभावित करती है। बेचने से पहले बाइक को अच्छी तरह धुलवाएं और पॉलिश करवाएं। सीट, मिरर, हेडलाइट और बॉडी पैनल साफ रखें। अगर कोई छोटा पार्ट टूटा हुआ है या स्क्रैच ज्यादा दिखाई दे रहे हैं, तो बजट के हिसाब से उन्हें ठीक करवा सकते हैं। हालांकि, बाइक को नया दिखाने के लिए बेफिजूल खर्च करने से बचें।
सही कीमत तय करने के लिए करें रिसर्च
बाइक बेचने से पहले ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उसी मॉडल, साल और लगभग समान किलोमीटर चली बाइक की कीमत चेक करें। इससे आपको बाजार में उसकी मौजूदा कीमत का अंदाजा मिलेगा। बाइक की उम्र, माइलेज, कंडीशन और ब्रांड की लोकप्रियता को ध्यान में रखकर कीमत तय करें। थोड़ी बातचीत की गुंजाइश रखते हुए शुरुआती कीमत तय करना बेहतर रहेगा।
बेचने के लिए सही प्लेटफॉर्म चुनें
अपनी बाइक बेचने के लिए ऑनलाइन सेकंड हैंड व्हीकल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया ग्रुप या लोकल डीलर की मदद ले सकते हैं। बाइक की साफ तस्वीरें और उसकी सही जानकारी ऐड में जरूर दें। एक से ज्यादा खरीदारों से बात करने पर बेहतर ऑफर मिल सकता है। डील फाइनल होने पर बिक्री की रसीद बनाएं और RTO में ओनरशिप ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी करवाएं।
