ऑटो न्यूज़

सर्दियों में बाइक चलाना होगा आसान, नई Bike खरीदते समय जरूर देखें ये 7 फीचर्स

फेस्टिव सीजन में बहुत से लोग नई बाइक खरीदने का प्लान बना रहे हैं। ऐसे में नई बाइक में उन फीचर्स को जरूर चेक करें, जो सर्दियों में आपकी राइडिंग को आसान बनाने का काम करेंगे।

Image

नई बाइक खरीदने से पहले जरूर चेक करें ये फीचर्स (AI Generated Image)

नवंबर का महीना चल रहा है और इसके साथ ही फेस्टिव सीजन भी शुरू हो चुका है। इस दौरान, बहुत से लोग नई बाइक खरीदने का प्लान बना रहे होंगे। कोई रोजाना ऑफिस आने-जाने के लिए बाइक खरीदना चाहता है, तो किसी को लंबी दूरी की राइडिंग पसंद होती है। हालांकि, बाइक खरीदते समय सिर्फ लुक, माइलेज और कीमत पर ध्यान देना काफी नहीं है। खासकर सर्दियों में बाइक चलाने वालों के लिए कुछ जरूरी फीचर्स भी काफी काम आते हैं। ये फीचर्स ठंड, कोहरे और फिसलन भरी सड़कों पर राइडिंग को आसान और सुरक्षित बना सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे 7 फीचर्स के बारे में, जिन्हें नई बाइक खरीदते समय जरूर चेक करना चाहिए-

ABS (एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम)

सर्दियों में कई बार कोहरे और ओस के कारण सड़क पर नमी आ जाती है। इससे टायरों की पकड़ कम हो सकती है। ऐसे में एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम काफी काम का फीचर साबित हो सकता है। अचानक ब्रेक लगाने पर यह पहियों को लॉक होने से बचाता है और बाइक पर राइडर का कंट्रोल बनाए रखने में मदद करता है।

ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम

गीली और फिसलन भरी सड़कों पर बाइक का पिछला पहिया फिसलने का खतरा रहता है। ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम पहियों की स्पीड पर नजर रखता है और जरूरत पड़ने पर इंजन की पावर कम करके फिसलने की आशंका घटाता है।

LED हेडलाइट

सर्दियों में सुबह और शाम के समय कोहरा होने से विजिबिलिटी कम हो जाती है। ऐसे में अच्छी रोशनी वाली LED हेडलाइट सड़क को बेहतर तरीके से देखने में मदद करती है। बाइक खरीदते समय इसकी रोशनी और बीम पैटर्न जरूर चेक करें।

डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर

डिजिटल डिस्प्ले में स्पीड, फ्यूल लेवल, गियर पोजिशन और ट्रिप जैसी जानकारियां आसानी से देखी जा सकती हैं। कुछ बाइक में टेम्परेचर और जरूरी अलर्ट भी मिलते हैं।

ट्यूबलेस टायर

सर्दियों में लंबी दूरी की यात्रा के दौरान टायर पंचर होना परेशानी बढ़ा सकता है। ट्यूबलेस टायर में हवा धीरे-धीरे निकलने की संभावना होती है, जिससे राइडर को सुरक्षित जगह तक पहुंचने का थोड़ा समय मिल सकता है।

विंडस्क्रीन

ठंडी हवा सीधे राइडर के शरीर और चेहरे पर लगती है, जिससे लंबी राइड मुश्किल हो सकती है। विंडस्क्रीन हवा के दबाव को कम करने में मदद करती है और हाईवे राइडिंग के दौरान आराम देती है।

USB चार्जिंग पोर्ट

सर्दियों में रास्तों पर कोहरा होने के कारण कई बार नेविगेशन का इस्तेमाल करना पड़ता है। ऐसे में USB चार्जिंग पोर्ट स्मार्टफोन को चार्ज रखने में मदद करता है, ताकि रास्ते में फोन की बैटरी खत्म होने की चिंता न रहे।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article