क्रिकेट

IND vs NZ 2nd ODI Highlights: गुरनूर बराड़ और केएल राहुल ने दिलाई भारत को जीत, सीरीज में हासिल की 2-0 की बढ़त

भारतीय टीम ने बारिश से प्रभावित सीरीज के दूसरे वनडे में केएल राहुल और गुरनूर बराड़ के शानदार प्रदर्शन की बदौलत करीबी अंतर से जीत दर्ज करके सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।

Image

भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा वनडे (फोटो क्रेडिट BCCI X)

वेलिंगटन: सितारों से सजे भारतीय बल्लेबाजी क्रम की शुरुआती नाकामी के बाद के एल राहुल की संयमित पारी के दम पर भारत ने वर्षाबाधित दूसरे वनडे में शनिवार को न्यूजीलैंड को डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर चार रन से हरा दिया। अब भारत पांच मैचों की श्रृंखला में 2-0 से आगे है। तीसरा मैच मंगलवार को हैमिल्टन में खेला जायेगा। जीत के लिये 47 ओवर में 135 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 26 ओवर में सात विकेट 113 रन पर गंवा दिये थे जब बारिश शुरू हो गई । उस समय डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर भारत को 109 रन की जरूरत थी।

न्यूजीलैंड की पारी 134 रन पर ढही

भारत ने अपने तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की मदद से न्यूजीलैंड को 41 ओवर में 134 रन पर समेट दिया। आकिब नबी ने सात ओवर में 31 रन देकर दो विकेट लिये जबकि अंशुल कम्बोज ने आठ ओवर में 25 रन देकर दो विकेट चटकाये। वहीं बराड़ ने दस ओवर में 30 रन देकर चार विकेट लिये जो उनके कैरियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उन्होंने शॉर्ट गेंदों का बखूबी इस्तेमाल करके मेजबान मध्यक्रम की कमर तोड़ दी।

अर्शदीप सिंह ने की कसी हुई गेंदबाजी

अर्शदीप सिंह ने सात ओवर में 16 रन दिये लेकिन उन्हें विकेट नहीं मिली। उन्होंने हालांकि बेहद अनुशासित और सटीक गेंदबाजी करके दबाव बनाया। भारतीय गेंदबाजों ने 176 डॉट गेंदें फेंकी।

खराब रही टीम इंडिया की शुरुआत

जवाब में कप्तान शुभमन गिल पहली ही गेंद पर जैकब डफी का शिकार हुए और खाता खोले बिना स्लिप में कैच दे बैठे। डफी ने विराट कोहली (सात) को भी पवेलियन भेजा। रोहित शर्मा ने 28 गेंद में 23 रन बनाये लेकिन सीम का सामना करने में सहज नहीं दिखे। अक्षर पटेल (सात) और श्रेयस अय्यर (30) शॉर्ट गेंदों पर विकेट गंवा बैठे। वहीं पहली 20 में से 18 डॉट गेंद खेलने वाले राहुल ने अपना संयम बनाये रखा और डफी को छक्का लगाकर टीम को सौ रन के पार पहुंचाया। राहुल ने 38 गेंद में 26 रन बनाये। इससे पहले गिल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का सही फैसला लिया । बारिश और मौसम को देखते हुए मैच प्रति टीम 47 ओवर का कर दिया गया था।

भारतीय तेज गेंदबाजों ने ढाया कहर

नबी ने सबसे पहले टिम सीफर्ट (0) का विकेट लिया। मिडविकेट पर खड़े कम्बोज ने सामने की ओर डाइव लगाकर कैच पकड़ा और नबी को उनका पहला अंतरराष्ट्रीय विकेट दिलाया। विल यंग ने 17 गेंद में छह रन बनाये और वह जूझते ही नजर आये। ऑफ स्टम्प पर पड़ती गेंद पर बल्ला अड़ाकर वह विकेट के पीछे केएल राहुल को कैच देकर लौटे। हेनरी निकोल्स 26 गेंद में 11 रन बनाकर नौवें ओवर में कम्बोज की गेंद पर बोल्ड हुए। पावरप्ले के भीतर न्यूजीलैंड के तीन विकेट 29 रन पर निकल चुके थे।

बराड़ ने किया कीवी बल्लेबाजों का परेशान

पावरप्ले के बाद बराड ने अपनी गेंदों की उछाल से बल्लेबाजों को परेशान किया। उन्होंने एक ही ओवर में सटीक शॉर्टपिच गेंदों पर टॉम लैथम और ग्लेन फिलिप्स के विकेट चटकाये। लैथम ने बाहर की ओर जाती गेंद पर नमन धीर को कैच दिया जबकि फिलिप्स का कैच कम्बोज ने लपका। डेरिल मिचेल ने 104 गेंद पर 55 रन बनाये। भारतीय कप्तान गिल ने मिचेल को एक जीवनदान भी दिया था जिसका फायदा उठाकर उन्होंने मिचेल सेंटनेर (38 गेंद में 31 रन ) के साथ 59 रन की साझेदारी की। मिचेल को अक्षर पटेल ने कम्बोज के हाथों लपकवाकर पवेलियन भेजा।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article