ऑटो न्यूज़

Mahindra Scorpio N Edition One की पहली झलक आई सामने, जानिए डिजाइन में क्या होगा खास?

महिंद्रा Scorpio N को एक नए अवतार में पेश करने जा रहा है। Scorpio N Facelift के बाद कंपनी अब इसका एक स्पेशल एडिशन लाने वाली है।

Image

Mahindra Scorpio N Edition One की पहली झलक आई सामने (प्रतिकात्मक इमेज)

महिंद्रा (Mahindra) अपनी लोकप्रिय एसयूवी Scorpio N को एक नए और खास अवतार में पेश करने की तैयारी कर रही है। Scorpio N Facelift के बाद कंपनी अब इसका स्पेशल एडिशन लाने वाली है। हाल ही में इस एसयूवी को बिना किसी कवर के एक डीलर यार्ड में देखा गया है। इसकी सबसे खास बात है कि इस पर ‘Edition One’ का बैज लगा हुआ है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसकी लॉन्चिंग की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

नई ग्रिल और खास बैजिंग से मिलेगा अलग लुक

Scorpio N Edition One के एक्सटीरियर में कुछ कॉस्मेटिक बदलाव देखने को मिलेंगे। इसमें सबसे बड़ा बदलाव इसकी फ्रंट ग्रिल में किया गया है। जहां स्टैंडर्ड Scorpio N में छह वर्टिकल क्रोम स्लैट्स मिलते हैं, वहीं नए एडिशन में हॉरिजॉन्टल क्रोम स्ट्रिप्स दी गई हैं। इसका डिजाइन महिंद्रा की Lifestyler पिकअप से इंस्पायर्ड नजर आता है। इसके अलावा फ्रंट फेंडर और C-पिलर पर ‘Edition’ की बैजिंग भी दी गई है, जो इसे सामान्य मॉडल से अलग पहचान देती है।

केबिन में मिलेगा नया कलर कॉम्बिनेशन

एसयूवी के इंटीरियर का ओवरऑल लेआउट पहले जैसा ही रखा गया है, लेकिन इसमें कुछ नए बदलाव किए गए हैं। इसके डैशबोर्ड पर ब्राउन की जगह बरगंडी कलर का लेदरेट ट्रिम दिया गया है। वहीं सीटों पर ब्लैक और बरगंडी कलर की लेदरेट अपहोल्स्ट्री मिलती है। तस्वीरों में नजर आ रहे मॉडल में कई प्रीमियम फीचर्स मौजूद हैं। ऐसे में उम्मीद है कि यह स्पेशल एडिशन टॉप-स्पेक Z8L ट्रिम पर आधारित होगा। इसमें लेवल-2 ADAS, 540-डिग्री कैमरा, पैनोरमिक सनरूफ, 12.3-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 10.25-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले जैसे फीचर्स मिल सकते हैं।

इंजन और पावरट्रेन में नहीं होगा बदलाव

Scorpio N Edition One में स्टैंडर्ड मॉडल वाले ही इंजन विकल्प मिलने की उम्मीद है। इसमें 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 203hp की पावर और 370Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके ऑटोमैटिक वर्जन में टॉर्क आउटपुट 380Nm है। वहीं 2.2-लीटर टर्बो डीजल इंजन 175hp की पावर और 370Nm का टॉर्क देता है। इसका ऑटोमैटिक वर्जन 400Nm टॉर्क जनरेट करता है। SUV में रियर-व्हील ड्राइव (RWD) स्टैंडर्ड रहेगा, जबकि 4WD का विकल्प केवल डीजल इंजन के साथ मिलेगा।

कितनी हो सकती है कीमत?

Scorpio N Edition One की कीमत स्टैंडर्ड मॉडल से थोड़ी ज्यादा रहने की उम्मीद है। फिलहाल Scorpio N के Z8L वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 21.31 लाख रुपये से 25.49 लाख रुपये के बीच है। इसमें 6-सीटर और 7-सीटर कॉन्फिगरेशन का विकल्प मिलता है। हालांकि, 4WD केवल 7-सीटर कॉन्फिगरेशन में उपलब्ध है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article