PM Modi Diwali 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए एक बार फिर अपनी खास परंपरा को दोहराने का ऐलान किया है। पीएम मोदी ने कहा कि हर साल की तरह इस बार भी वो दिवाली जवानों के बीच ही मनाएंगे। उन्होंने कहा, "आपकी तरह मैं भी दिवाली बड़े उत्साह से मनाता हूं, और जैसा आप जानते हैं, इस समय को हमारे जवानों के बीच बिताना मेरी नियमित परंपरा बन गई है, जिसे मैं इस साल भी जारी रखूंगा।"
जवानों के साथ दिवाली मनाने का ऐलान
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से हर साल दिवाली पर देश के किसी न किसी बॉर्डर या सैन्य ठिकाने पर जवानों के बीच पहुंचते हैं। कभी वो सियाचिन की बर्फीली चोटियों पर जवानों के साथ दीये जलाते हैं, तो कभी जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड या राजस्थान के बॉर्डर पर जवानों के साथ मिठाई बांटते हैं। इस परंपरा के जरिए पीएम मोदी जवानों का हौसला बढ़ाते हैं और उन्हें ये एहसास दिलाते हैं कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है। पीएम मोदी के इस ऐलान के बाद से ही इस बात को लेकर चर्चा तेज हो गई है कि इस बार वो किस बॉर्डर पर जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे। हर साल की तरह इस बार भी सुरक्षा बलों में इसको लेकर खास उत्साह है।
पीएम मोदी ने अपने वीडियो संदेश में कहा, "नमस्ते, दीपावली का पावन पर्व पूरा देश रोशनी से जगमगा रहा है। प्रकाश का यह पर्व अंधकार के विरुद्ध हमारे संकल्प का प्रतीक है। आप सभी को दीपावली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आपका यह पर्व और आपका आने वाला समय, सब कुछ सुख, शांति और समृद्धि से भरा रहे। मैं भी आपकी तरह बड़े उत्साह से दीपावली मनाता हूं। हर वर्ष, जैसा कि आप जानते हैं, देश के वीर जवानों के बीच जाना मेरा नित्य क्रम है। इस बार भी यह क्रम जारी रहेगा। आप सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं।"
यूपी के सीएम ने अयोध्या में किया दिपोत्सव का शुभारंभ
वहीं दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में दीपावली और 10वें दीपोत्सव समारोह में शामिल होने पहुंचे संतों और ऋषि-मुनियों का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने संतों को सम्मानित कर उनका आशीर्वाद लिया और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्मा और धर्मगुरु मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में संत समाज के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
दीपोत्सव में त्रेतायुग की परंपरा को साकार करते हुए भगवान श्री सीताराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान के स्वरूप पुष्पक विमान रूपी हेलिकॉप्टर से रामकथा पार्क के निकट बने अस्थायी हेलीपैड पर उतरे। यहां गुरु वशिष्ठ की भूमिका में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ भगवान के स्वरूपों की अगवानी की।पूरे देश में दीपावली का उत्साह चरम पर है, लेकिन पीएम मोदी का जवानों के साथ दीवाली मनाना इस त्योहार को और भी खास बना देता है।
