Vasundhara Police Chowki Blast: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए रहस्यमयी धमाके ने अब राष्ट्रीय स्तर पर हलचल मचा दी है। धमाके की गंभीरता को देखते हुए अब इस मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। NIA की टीम ने वसुंधरा पुलिस चौकी का बारीकी से निरीक्षण किया और घटनास्थल से जुड़े अहम सबूत जुटाए। NIA की एंट्री के बाद अब सवाल उठ रहा है कि क्या ये धमाका कोई मामूली हादसा था, या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश थी?
वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर हुआ था जोरदार धमाका
गौरतलब है कि देर रात वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि चौकी की खिड़कियों के शीशे चटक गए, AC पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एक दीवार में हल्की दरार भी आ गई। धमाके की गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। गनीमत ये रही कि घटना के वक्त चौकी के अंदर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
डिलीवरी बॉय हुआ था गंभीर रूप से घायल
इस धमाके की चपेट में आकर 20 वर्षीय फूड डिलीवरी बॉय विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया। विशाल गाजियाबाद के अर्थला का रहने वाला है और घटना के वक्त वो चौकी के पास खाना डिलीवरी करने आया था। उसे तुरंत दिल्ली के सूर्य नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। शुरुआत में स्थानीय पुलिस इसे शॉर्ट सर्किट या कबाड़ में पड़ी किसी संदिग्ध वस्तु से हुआ धमाका मान रही थी। धमाका चौकी के पीछे उस जगह हुआ, जहां कबाड़ वाहन खड़े किए जाते हैं।
आतंकी एंगल ले हो रही धमाके की जांच
हालांकि, धमाके की तीव्रता और पैटर्न को देखकर पुलिस को शक हुआ, जिसके बाद फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। घटनास्थल से मिले सबूतों को जांच के लिए आगरा भेजा गया है, लेकिन अभी तक पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है और इस मामले में कोई FIR भी दर्ज नहीं की गई है। अब NIA की टीम के पहुंचने के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है। सूत्रों के मुताबिक, NIA टीम ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमाका किस तरह के विस्फोटक या केमिकल से हुआ। क्या चौकी को जानबूझकर निशाना बनाया गया? क्या ये किसी आतंकी संगठन की ओर से ट्रायल ब्लास्ट था?
फिलहाल पुलिस और NIA की टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। चौकी के आसपास के सभी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है ताकि पता चल सके कि धमाके से ठीक पहले वहां कौन-कौन आया था। घायल युवक विशाल से भी पूछताछ की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही धमाके की असली वजह सामने आएगी। तब तक सभी एंगल से जांच जारी रहेगी।
