Hyundai आने वाले वर्षों में अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को मजबूत करने की तैयारी कर रही है। इसी रणनीति के तहत कंपनी एक बिल्कुल नया 1.2-लीटर TGDi (Turbocharged Gasoline Direct Injection) पेट्रोल इंजन डेवलप कर रही है। यह नया इंजन सबसे पहले Hyundai Bayon क्रॉसओवर में देखने को मिल सकता है, जिसे भारत में 2026 के आसपास लॉन्च किए जाने की संभावना है।
नया टर्बो पेट्रोल इंजन मौजूदा इंजन से होगा बेहतर
यह नया 1.2-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन खास तौर पर भारतीय बाजार को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। यह इंजन मौजूदा 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन की तुलना में बेहतर टॉर्क और ड्राइवेबिलिटी देगा। साथ ही यह 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के मुकाबले अधिक कॉम्पैक्ट और ईंधन दक्ष होगा।
हाइब्रिड तकनीक के अनुकूल होगा इंजन
इस नए इंजन की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि इसे हाइब्रिड तकनीक के अनुकूल बनाया जा रहा है। यानी भविष्य में Hyundai के कई हाइब्रिड मॉडल इसी इंजन का इस्तेमाल कर सकते हैं। कंपनी इसे नेक्स्ट जेनरेशन Creta, Venue और दूसरी कॉम्पैक्ट एसयूवी में भी शामिल कर सकती है।
Hyundai Bayon को मिल सकता है नया इंजन
Hyundai Bayon इस इंजन को पाने वाली पहली कार हो सकती है। वैश्विक बाजार में Bayon कंपनी की सबसे छोटी एसयूवी मानी जाती है और भारत में इसे Maruti Fronx के प्रतिद्वंद्वी के रूप में उतारा जा सकता है। यह मॉडल Hyundai की एसयूवी लाइनअप में Venue और Creta के बीच जगह बना सकता है।
बेहतर माइलेज और कम उत्सर्जन भी प्रदान करेगा इंजन
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो नया 1.2-लीटर TGDi इंजन चार-सिलेंडर यूनिट होगा। इसे भविष्य की कड़े उत्सर्जन मानकों जैसे CAFÉ 3 और BS7 को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। यही वजह है कि यह इंजन सिर्फ बेहतर प्रदर्शन ही नहीं बल्कि बेहतर माइलेज और कम उत्सर्जन भी प्रदान करने पर केंद्रित होगा। ट्रांसमिशन विकल्पों की बात करें तो इस इंजन को ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक (DCT) या e-CVT गियरबॉक्स के साथ पेश किया जा सकता है। हाइब्रिड मॉडल्स में e-CVT का उपयोग किए जाने की संभावना अधिक बताई जा रही है।
Bayon SUV किन मायनों में होगी खास
Bayon SUV के फीचर्स भी काफी आधुनिक हो सकते हैं। ग्लोबल मॉडल में 10.25-इंच इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस चार्जिंग, बोस साउंड सिस्टम, एम्बिएंट लाइटिंग, OTA अपडेट्स और ADAS जैसे फीचर्स उपलब्ध हैं। भारतीय मॉडल में भी इनमें से कई सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
