ऑटो न्यूज़

बिना वैलिड Insurance के Toll Plaza से गुजरे तो तुरंत आ जाएगा SMS, लगेगा मोटा जुर्माना

अगर आप भी अपनी गाड़ी लेकर नेशनल हाईवे से सफर करते हैं तो आपको अपनी गाड़ी के थर्ड पार्टी इंश्योरेंस की एक्सपायरी का खास ख्याल रखना होगा। अब वाहन मालिकों को इंश्योरेंस को लेकर SMS मिलेगा।

Image

बिना वैलिड इंश्योरेंस टोल प्लाजा से गुजरना पड़ेगा भारी (AI Generated Image)

अगर आप भी अपनी गाड़ी लेकर नेशनल हाईवे से सफर करते हैं तो ये जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी हो जाती है। अब गाड़ी का इंश्योरेंस एक्सपायर हो जाए तो टोल प्लाजा से गुजरना आपको भारी पड़ सकता है। दरअसल, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने बिना वैलिड थर्ड पार्टी इंश्योरेंस वाली गाड़ियों की पहचान के लिए एक नई पहल शुरू की है। इस पहल के तहत टोल प्लाजा से गुजरने वाले ऐसे वाहन मालिकों को कुछ ही मिनटों में एक एसएमएस अलर्ट मिलने लगेगा। इस मैसेज में वाहन मालिकों को इंश्योरेंस की वैलिडिटी खत्म होने की जानकारी और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत लगने वाले जुर्माने की चेतावनी दी जाएगी।

दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा से शुरू हुआ पायलट प्रोजेक्ट

NHAI ने फिलहाल इस नई व्यवस्था को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा पर शुरू किया है। यह टोल प्लाजा अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (UER-II) पर स्थित है। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती चरण में इस सिस्टम की कार्यप्रणाली को बेहतर और स्थिर बनाने पर ध्यान दिया जाएगा। इसके बाद इसे देश के दूसरे नेशनल हाईवे टोल प्लाजा पर भी लागू करने की योजना है।

कैसे काम करेगा NHAI का नया सिस्टम?

इस पूरी व्यवस्था को ऑटोमेटेड तरीके से चलाया जाएगा। जब कोई गाड़ी टोल प्लाजा से गुजरेगी तो उसकी रजिस्ट्रेशन डिटेल्स को नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) के वाहन (Vahan) डेटाबेस से मिलाया जाएगा। इसके बाद सिस्टम यह जांच करेगा कि गाड़ी का थर्ड पार्टी इंश्योरेंस वैलिड है या नहीं। अगर डेटाबेस में पॉलिसी एक्सपायर दिखाई देती है या गाड़ी का वैलिड इंश्योरेंस नहीं मिलता है तो रजिस्टर्ड वाहन मालिक के मोबाइल नंबर पर SMS भेजा जाएगा। इस मैसेज में वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर, टोल प्लाजा पार करने का समय और इंश्योरेंस एक्सपायरी की तारीख जैसी जानकारी होगी। साथ ही वाहन मालिक को जल्द से जल्द पॉलिसी रिन्यू करवाने की सलाह दी जाएगी।

बिना इंश्योरेंस गाड़ी चलाने पर कितना लगेगा जुर्माना?

मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सड़क पर गाड़ी चलाने के लिए वैलिड थर्ड पार्टी इंश्योरेंस होना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन मालिक को आर्थिक जुर्माना भरना पड़ सकता है। पहली बार पकड़े जाने पर गाड़ी के बेस प्रीमियम का तीन गुना या 5,000 रुपये, जो भी अधिक हो, जुर्माना लग सकता है। वहीं, दोबारा उल्लंघन करने पर यह जुर्माना बेस प्रीमियम का पांच गुना या 10,000 रुपये, जो भी अधिक हो, हो सकता है।

वाहन मालिकों के लिए क्यों जरूरी है यह पहल?

इस पहल का मुख्य उद्देश्य वाहन मालिकों को समय पर इंश्योरेंस रिन्यू कराने के लिए जागरूक करना है। दुर्घटना की स्थिति में थर्ड पार्टी इंश्योरेंस पीड़ित व्यक्ति को मुआवजे से जुड़ी वित्तीय सुरक्षा प्रदान करता है। वाहन मालिकों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी पॉलिसी की एक्सपायरी डेट जरूर चेक करें और समय रहते इंश्योरेंस रिन्यू करवा लें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article