ऑटो न्यूज़

अक्टूबर 2027 से शुरू हो सकता है भारत NCAP 2.0, गाड़ियां होंगी अधिक सुरक्षित

अच्छे ड्राइविंग रिकॉर्ड वाले लोगों को बीमा कंपनियों की ओर से कुछ लाभ मिल सकते हैं। गडकरी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुधारने के लिए गलत तरीके से वाहन चलाने वालों को हतोत्साहित करना और जिम्मेदार ड्राइवरों को प्रोत्साहित करना जरूरी है।

Image

अभी कैसे होती है गाड़ियों की सेफ्टी रेटिंग?Photo- bncap

केंद्र सरकार अक्टूबर 2027 से भारत NCAP 2.0 शुरू करने की तैयारी कर रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नए सिस्टम में सिर्फ दुर्घटना के समय यात्रियों की सुरक्षा ही नहीं, बल्कि वाहन की पूरी सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया जाएगा। इसका उद्देश्य देश में सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली मौतों को कम करना है।

PTI/भाषा के मुताबिक गडकरी ने सियाम के 66वें वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारत NCAP की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। भारत NCAP यानी भारत न्यू कार असेसमेंट प्रोग्राम देश की आधिकारिक और स्वतंत्र वाहन सुरक्षा रेटिंग व्यवस्था है। इसे 2023 में शुरू किया गया था।

अभी कैसे होती है गाड़ियों की सेफ्टी रेटिंग?

भारत NCAP के तहत यात्री वाहनों का क्रैश टेस्ट किया जाता है। इसके बाद उनकी सुरक्षा के आधार पर एक से पांच स्टार तक रेटिंग दी जाती है। इसमें दुर्घटना के दौरान वयस्कों और बच्चों की सुरक्षा को मुख्य रूप से देखा जाता है। अब सरकार भारत NCAP 2.0 के जरिए सुरक्षा जांच का दायरा बढ़ाना चाहती है। इसमें वाहन की सुरक्षा से जुड़ी पूरी व्यवस्था को जांचने पर जोर होगा।

हर साल 5 लाख सड़क हादसे

गडकरी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं भारत के सामने बड़ी समस्या बनी हुई हैं। उनके मुताबिक, देश में हर साल करीब 5 लाख सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें लगभग 1.80 लाख लोगों की मौत हो जाती है। इनमें बड़ी संख्या 18 से 36 वर्ष की उम्र के लोगों की होती है। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में होने वाली मौतों के आंकड़े को हर हाल में कम करना जरूरी है। इसके लिए वाहन की पूरी सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटना से जुड़ी अलग-अलग चीजों का आकलन करना जरूरी होगा।

नई तकनीक और स्टार्टअप की मदद

गडकरी ने कहा कि सरकार सड़क सुरक्षा बेहतर करने के लिए नई तकनीक का इस्तेमाल करेगी। इसके साथ ही भारतीय स्टार्टअप कंपनियों की ओर से विकसित तकनीकों को भी इस व्यवस्था में शामिल किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य दुर्घटना से पहले, दुर्घटना के दौरान और उसके बाद सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर ध्यान देना है।

नियम तोड़ने पर लाइसेंस हो सकता है रद्द

गडकरी ने ड्राइविंग लाइसेंस को लेकर भी एक नई व्यवस्था की जानकारी दी। सरकार लाइसेंस और वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र में पॉइंट सिस्टम लागू करने की योजना बना रही है। इसके तहत ट्रैफिक नियम तोड़ने पर ड्राइवर के लाइसेंस से अंक कम किए जाएंगे। अगर कोई व्यक्ति बार-बार नियम तोड़ता है और उसके अंक एक तय सीमा से नीचे चले जाते हैं, तो उसका लाइसेंस पहले निलंबित और बाद में रद्द भी किया जा सकता है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article