मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) आने वाले वर्षों में भारतीय एसयूवी बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत करने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने 2030 तक अपने मॉडल पोर्टफोलियो को 18 से बढ़ाकर 28 मॉडल तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। इस रणनीति के तहत कंपनी अपनी तीन लोकप्रिय SUV Brezza, Fronx और Grand Vitara को बड़े अपडेट के साथ पेश करने की योजना बना रही है। आइए जानते हैं ये तीनों एसयूवी कौन-से बड़े बदलावों के साथ पेश होने जा रही है-
नई Brezza में मिल सकते हैं कई बड़े अपडेट
2026 Maruti Brezza फेसलिफ्ट में कुछ महत्वपूर्ण कॉस्मेटिक बदलाव किए जा सकते हैं। एसयूवी को नया फ्रंट और रियर बंपर, अपडेटेड ग्रिल, नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स और नया फॉग लैंप सेटअप मिल सकता है। इसके केबिन में भी कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कंपनी इसमें बड़ा 10.1-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, नई अपहोल्स्ट्री और नए ट्रिम विकल्प दे सकती है। पावरट्रेन को लेकर भी बदलाव की संभावना जताई गई है। नई Brezza में Fronx वाला 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन शामिल किया जा सकता है। यह इंजन 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आ सकता है। इसके अलावा CNG वेरिएंट में अंडरबॉडी-माउंटेड CNG टैंक दिए जाने की भी संभावना है।
Grand Vitara को मिलेगा प्रीमियम टच
Maruti Grand Vitara फेसलिफ्ट में डिजाइन के स्तर पर बड़े बदलाव नहीं किए जाएंगे, लेकिन इसे अधिक आधुनिक बनाने के लिए कई अपडेट मिल सकते हैं। SUV को नई ग्रिल, संशोधित बंपर, नए अलॉय व्हील्स और अपडेटेड LED लाइटिंग सेटअप दिया जा सकता है। इसके अलावा, Grand Vitara के इंटीरियर को भी पहले से अधिक प्रीमियम बनाया जा सकता है। इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और Level-2 ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) जैसे फीचर्स मिलने की संभावना है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: प्रीमियम कार खरीदने का शानदार मौका; Maruti Suzuki Nexa कारों पर 3 लाख से अधिक की होगी बचत
Fronx Hybrid बन सकती है गेमचेंजर
तीनों SUVs में सबसे बड़ा बदलाव Maruti Fronx में देखने को मिल सकता है। अपडेटेड Fronx कंपनी की पहली ऐसी कार बन सकती है, जिसमें मारुति की इन-हाउस डेवलप्ड स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। यह नया हाइब्रिड सिस्टम 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन पर आधारित होगा। नई Fronx में केवल हाइब्रिड तकनीक ही नहीं, बल्कि कई आधुनिक फीचर्स भी जोड़े जा सकते हैं। इसमें Level-2 ADAS, वेंटिलेटेड सीट्स और बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिल सकता है।
