Kawasaki ने भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय स्पोर्ट्स बाइक 2027 Kawasaki Ninja 300 को लॉन्च कर दिया है। नई Ninja 300 की एक्स-शोरूम कीमत 3.34 लाख रुपये रखी गई है। हालांकि इस बार कंपनी ने बाइक में कोई बड़ा मैकेनिकल या फीचर अपडेट नहीं दिया है। पिछले मॉडल की तुलना में इसकी कीमत में 17,000 की बढ़ोतरी की गई है, जबकि इंजन, डिजाइन और फीचर्स पहले जैसे ही हैं। बढ़ी हुई कीमत के साथ ही इस बाइक के इंजन, फीचर्स और स्पेसिफिकेशन की जानकारी दे रहे हैं-
इंजन में नहीं हुआ कोई बदलाव
2027 Kawasaki Ninja 300 में पहले वाला 296cc, लिक्विड-कूल्ड, पैरेलल-ट्विन इंजन ही दिया गया है। यह इंजन 39 hp की अधिकतम पावर और 26.1 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। इंजन के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है। वहीं बाइक का स्टील-ट्यूब डायमंड फ्रेम, 37mm टेलीस्कोपिक फ्रंट फोर्क और प्रीलोड-एडजस्टेबल रियर मोनोशॉक सस्पेंशन सेटअप भी पहले जैसा ही रखा गया है।
सीट हाइट और वजन
नई Ninja 300 की सीट हाइट 785mm है, जो अधिकांश राइडर्स के लिए आरामदायक मानी जाती है। बाइक का कर्ब वेट 179 किलोग्राम है, जबकि ग्राउंड क्लीयरेंस 140mm दिया गया है। इसके अलावा, इसमें 17 लीटर का बड़ा फ्यूल टैंक मिलता है, जिससे लंबी दूरी की राइडिंग के दौरान बार-बार पेट्रोल भरवाने की जरूरत कम पड़ सकती है। हालांकि कंपनी ने अभी इसकी आधिकारिक माइलेज का खुलासा नहीं किया है।
फीचर्स में भी कोई बड़ा अपडेट नहीं
फीचर्स की बात करें तो 2027 Ninja 300 में पहले से मिलने वाले प्रोजेक्टर LED हेडलैंप, ऊंचा विंडस्क्रीन और ड्यूल-चैनल ABS को बरकरार रखा गया है। हालांकि इस कीमत पर भी बाइक में राइडिंग मोड्स, ट्रैक्शन कंट्रोल और क्विकशिफ्टर जैसे आधुनिक फीचर्स नहीं मिलते। इसके अलावा, इस बाइक में अभी भी एनालॉग टैकोमीटर दिया गया है, जबकि इस सेगमेंट की कई नई बाइक्स पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के साथ आती हैं। कंपनी ने 2027 मॉडल को फिलहाल केवल Lime Green कलर में पेश किया है।
क्यों खरीदें 2027 Kawasaki Ninja 300 बाइक
अगर आप एक ऐसी बाइक खरीदना चाहते हैं जो स्मूद पैरेलल-ट्विन इंजन, भरोसेमंद परफॉर्मेंस और Kawasaki ब्रांड की प्रीमियम पहचान के साथ आए तो तो 2027 Ninja 300 अब भी एक अच्छा विकल्प हो सकती है। नई Ninja 300 मुख्य रूप से उन ग्राहकों को आकर्षित करेगी, जो Kawasaki की रिफाइंड राइडिंग एक्सपीरियंस और ट्विन-सिलेंडर इंजन को प्राथमिकता देते हैं।
