मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) ने हाल ही में ब्रेजा को कई नए अपडेट्स के साथ लॉन्च किया है। नई Brezza में डिजाइन, फीचर्स, पावरट्रेन और सेफ्टी के मोर्चे पर कई बदलाव किए गए हैं। ऐसे में अगर आप इस SUV को खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि बेस LXi वेरिएंट लेना सही रहेगा या फिर कुछ अतिरिक्त पैसे खर्च कर VXi वेरिएंट खरीदना ज्यादा फायदे का सौदा होगा। दोनों वेरिएंट्स में इंजन विकल्प लगभग समान हैं, लेकिन फीचर्स और सुविधाओं के मामले में अच्छा-खासा अंतर देखने को मिलता है।
नई Brezza के LXi और VXi वेरिएंट्स के बीच कीमत का अंतर अलग-अलग इंजन विकल्पों के हिसाब से बदलता है।
| वेरिएंट | 1.0L टर्बो पेट्रोल (मैनुअल) | 1.5L पेट्रोल माइल्ड-हाइब्रिड (मैनुअल) | 1.5L पेट्रोल माइल्ड-हाइब्रिड (ऑटोमैटिक) | 1.5L पेट्रोल CNG (मैनुअल) |
|---|---|---|---|---|
| LXi | ₹7.40 लाख | ₹8.30 लाख | — | ₹9.30 लाख |
| VXi | ₹8.55 लाख | ₹9.26 लाख | ₹10.61 लाख | ₹9.99 लाख |
LXi वेरिएंट में क्या मिलता है?
बेस LXi वेरिएंट उन ग्राहकों के लिए तैयार किया गया है जो कम बजट में एक भरोसेमंद और सुरक्षित SUV खरीदना चाहते हैं। इसमें जरूरी फीचर्स दिए गए हैं, जिससे यह रोजाना के इस्तेमाल के लिए एक परफेक्ट एसयूवी बनती है।
इस वेरिएंट में स्टैंडर्ड रूप से इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल ORVM, कीलेस एंट्री, टिल्ट एडजस्टेबल स्टीयरिंग, ड्राइवर विंडो के लिए वन-टच अप/डाउन, रियर AC वेंट्स, 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), ABS के साथ EBD, हिल-होल्ड कंट्रोल, ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट और रियर पार्किंग सेंसर जैसे सेफ्टी फीचर्स मिलते हैं। यानी बेस वेरिएंट होने के बावजूद सुरक्षा के मामले में कोई बड़ा समझौता नहीं किया गया है।
VXi वेरिएंट में क्या मिलता है अतिरिक्त?
अगर आप थोड़ा ज्यादा पैसा खर्च कर सकते हैं तो VXi वेरिएंट कई ऐसे फीचर्स जोड़ता है जो ड्राइविंग अनुभव को बेहतर बनाते हैं। इसमें 7-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, Arkamys ट्यून 4-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, स्टीयरिंग माउंटेड ऑडियो कंट्रोल, फैब्रिक फिनिश डोर आर्मरेस्ट और टर्बो वेरिएंट में इलेक्ट्रिकली फोल्डेबल ORVM मिलते हैं।
इसके अलावा VXi और LXi टर्बो वेरिएंट में हाइट एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, एडजस्टेबल रियर हेडरेस्ट और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं। टर्बो VXi में रिवर्स पार्किंग कैमरा भी मिलता है, जो पार्किंग को आसान बनाता है।
इंजन और परफॉर्मेंस
दोनों वेरिएंट्स में इंजन विकल्प समान हैं। ग्राहक 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल माइल्ड-हाइब्रिड, 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल माइल्ड-हाइब्रिड और 1.5-लीटर CNG विकल्प चुन सकते हैं। इसलिए परफॉर्मेंस के लिहाज से LXi और VXi के बीच कोई बड़ा अंतर नहीं है।
कलर-ऑप्शन
नई 2026 Maruti Brezza कुल 10 कलर ऑप्शन में आती है। LXi वेरिएंट में ग्राहकों को Splendid Silver, Sizzling Red, Pearl Arctic White और Magma Grey जैसे चार रंगों का विकल्प मिलता है। वहीं VXi वेरिएंट में इन चार रंगों के अलावा Pearl Bluish Black (केवल टर्बो वेरिएंट), Vivacious Orange और Lustrous Black जैसे एक्सक्लूसिव कलर ऑप्शंस भी दिए गए हैं, जिससे ग्राहकों को अपनी पसंद के अनुसार ज्यादा विकल्प मिल जाते हैं।
कौन-सा वेरिएंट खरीदना रहेगा बेहतर?
अगर आपका बजट सीमित है और आपको एक सुरक्षित, भरोसेमंद और प्रैक्टिकल SUV चाहिए, तो LXi वेरिएंट भी आपकी जरूरतें पूरी कर सकता है। इसमें रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए जरूरी फीचर्स और मजबूत सेफ्टी पैकेज पहले से मिलता है। वहीं अगर आप बेहतर इंफोटेनमेंट, ज्यादा कम्फर्ट और प्रीमियम अनुभव चाहते हैं, तो VXi वेरिएंट पर अतिरिक्त रकम खर्च करना समझदारी भरा फैसला होगा। इसमें मिलने वाले अतिरिक्त फीचर्स लंबे समय तक बेहतर उपयोगिता और बेहतर रीसेल वैल्यू भी दे सकते हैं।
