बिजनेस

दिवाली पर कब बंद रहेंगे शेयर बाजार? BSE-NSE की छुट्टी और मुहूर्त ट्रेडिंग का समय जानें

दिवाली के मौके पर शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए जरूरी खबर है। BSE और NSE इस बार रविवार को खास मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए खुलेंगे, जबकि अगले हफ्ते एक दिन बाजार बंद रहेगा।

Image

Share Market Diwali Holiday

दिवाली के त्योहार पर जहां ज्यादातर बाजार और दफ्तर बंद रहते हैं, वहीं शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए इस बार खास मौका रहने वाला है। दिवाली के दिन यानी 8 नवंबर 2026 को रविवार होने के बावजूद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर मुहूर्त ट्रेडिंग होगी। यह एक खास ट्रेडिंग सेशन होता है, जिसमें निवेशक शुभ समय पर शेयरों की खरीद-बिक्री करते हैं। हालांकि, इसके बाद 10 नवंबर को दिवाली-बालिप्रतिपदा के मौके पर शेयर बाजार पूरी तरह बंद रहेगा।

8 नवंबर को होगी मुहूर्त ट्रेडिंग

इस साल दिवाली 8 नवंबर यानी रविवार को मनाई जाएगी। इस मौके पर BSE और NSE ने एक घंटे के विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन का कार्यक्रम रखा है। दोनों एक्सचेंजों पर यह सेशन दोपहर 2:20 बजे से शुरू होकर 3:30 बजे तक चलेगा। आमतौर पर शेयर बाजार में कारोबार सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक होता है, लेकिन मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए अलग समय निर्धारित किया जाता है। इस दौरान निवेशक शेयर खरीद और बेच सकेंगे।

मुहूर्त ट्रेडिंग की पूरी टाइमिंग

मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए प्री-ओपन सेशन दोपहर 2:05 बजे शुरू होगा। इसमें निवेशक 2:10 बजे तक मार्केट और लिमिट ऑर्डर लगा सकते हैं। इसके बाद 2:10 से 2:15 बजे तक सिर्फ लिमिट ऑर्डर स्वीकार किए जाएंगे। दोपहर 2:15 से 2:17 बजे तक ऑर्डर मैचिंग और कन्फर्मेशन की प्रक्रिया होगी। इसके बाद 2:20 बजे से सामान्य मुहूर्त ट्रेडिंग शुरू हो जाएगी, जो 3:30 बजे तक चलेगी।

10 नवंबर को बंद रहेंगे BSE और NSE

दिवाली के अगले कारोबारी दिन यानी मंगलवार, 10 नवंबर को शेयर बाजार में कोई कारोबार नहीं होगा। इस दिन दिवाली-बालिप्रतिपदा के कारण BSE और NSE बंद रहेंगे। इसके अलावा 7 नवंबर को शनिवार होने की वजह से भी बाजार में सामान्य कारोबार नहीं होगा। यानी निवेशकों को इस बार रविवार को मुहूर्त ट्रेडिंग का मौका मिलेगा और मंगलवार को बाजार की छुट्टी रहेगी।

क्या है मुहूर्त ट्रेडिंग और क्यों है खास?

मुहूर्त ट्रेडिंग भारतीय शेयर बाजार की पुरानी परंपरा है। इसकी शुरुआत BSE ने साल 1957 में की थी, जबकि NSE ने 1992 में इसे अपनाया। हिंदू परंपरा में दिवाली को धन और समृद्धि का त्योहार माना जाता है। कारोबारी इस दिन नए वित्त वर्ष यानी संवत की शुरुआत करते हैं और बही-खातों की पूजा करते हैं। इसी परंपरा के तहत निवेशक भी शुभ समय में शेयर खरीदना पसंद करते हैं। इस साल मुहूर्त ट्रेडिंग से संवत 2083 की शुरुआत होगी। हालांकि, निवेशकों को ध्यान रखना चाहिए कि शुभ समय में किया गया निवेश मुनाफे की गारंटी नहीं देता।

दिवाली के बाद भी इस साल शेयर बाजार में कुछ छुट्टियां बाकी हैं। 24 नवंबर को प्रकाश गुरुपर्व श्री गुरु नानक देव के अवसर पर और 25 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर BSE और NSE बंद रहेंगे। ऐसे में निवेशकों को ट्रेडिंग या निवेश की योजना बनाने से पहले छुट्टियों का कैलेंडर जरूर देख लेना चाहिए।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article