ऑटो न्यूज़

अक्टूबर में ऑटो सेक्टर की रिकॉर्ड बिक्री, अब Dhanteras और Diwali पर जबरदस्त तेजी की उम्मीद

फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, बीते महीने अक्टूबर में देश में कुल 31,72,466 वाहनों की खुदरा बिक्री हुई। वहीं, धनतेरस और दिवाली पर भी जबरदस्त तेजी की उम्मीद की जा रही है।

Image

अक्टूबर में ऑटो सेक्टर की रिकॉर्ड बिक्री (AI Generated Image)

भारत के ऑटोमोबाइल बाजार के लिए अक्टूबर का महीना शानदार रहा। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के मुताबिक, अक्टूबर में देश में कुल 31,72,466 वाहनों की खुदरा बिक्री हुई। यह सितंबर के मुकाबले 25.05 प्रतिशत ज्यादा है। इसके साथ ही वाहन बिक्री के मामले में यह दूसरा सबसे अच्छा अक्टूबर दर्ज किया गया। अब नवंबर में धनतेरस और दिवाली के चलते ऑटो सेक्टर में तेजी आने की उम्मीद है।

डीलर्स को उम्मीद नवंबर में वाहनों की बढ़ेगी बिक्री

न्यूज एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, फाडा के ऑनलाइन मेंबर्स सर्वे के अनुसार, 51.65 प्रतिशत डीलर्स को उम्मीद है कि नवंबर में वाहनों की बिक्री बढ़ेगी। वहीं, 34.71 प्रतिशत डीलर्स का मानना है कि बिक्री पहले जैसी बनी रहेगी, जबकि 13.64 प्रतिशत डीलर्स ने बिक्री में गिरावट की आशंका जताई है।

पिछले साल के मुकाबले क्यों घटी बिक्री?

अक्टूबर 2025 की तुलना में इस साल अक्टूबर में वाहन रजिस्ट्रेशन 23.80 प्रतिशत कम रहे। हालांकि, FADA के मुताबिक इस गिरावट को समझने के लिए त्योहारों के कैलेंडर पर ध्यान देना जरूरी है। पिछले साल अक्टूबर में नवरात्रि और दिवाली दोनों त्योहार थे। साथ ही GST दरों में कटौती का भी असर था। इस साल बड़े त्योहार नवंबर में होने के कारण अक्टूबर की बिक्री पर असर पड़ा।

FADA के अध्यक्ष साई गिरिधर के मुताबिक, इस साल अक्टूबर में कमर्शियल व्हीकल, थ्री-व्हीलर और ट्रैक्टर सेगमेंट ने अपनी अब तक की सबसे अच्छी अक्टूबर बिक्री दर्ज की।

दोपहिया और कमर्शियल वाहनों की बिक्री में तेजी

अक्टूबर में सबसे ज्यादा बिक्री दोपहिया वाहनों की रही। इस सेगमेंट में कुल 23,21,419 वाहन बिके, जो सितंबर के मुकाबले 29.67 प्रतिशत ज्यादा हैं। वहीं, कमर्शियल व्हीकल की बिक्री 1,15,140 यूनिट रही। यह इस सेगमेंट का अब तक का सबसे अच्छा अक्टूबर प्रदर्शन है। इसमें सालाना आधार पर 2.29 प्रतिशत और मासिक आधार पर 11.19 प्रतिशत की बढ़त रही।

पैसेंजर व्हीकल की बात करें तो अक्टूबर में 5,07,768 गाड़ियां रजिस्टर हुईं। यह इस सेगमेंट का तीसरा सबसे अच्छा अक्टूबर प्रदर्शन रहा। हालांकि, डीलर्स के पास कारों का स्टॉक अभी भी 43 से 45 दिनों के बराबर है।

इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री ने बनाया रिकॉर्ड

इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। अक्टूबर में इनकी खुदरा बिक्री करीब 3.55 लाख यूनिट के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। पिछले साल के मुकाबले इसमें 44.88 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। कुल वाहन बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी भी करीब 11.5 प्रतिशत रही। FADA को उम्मीद है कि धनतेरस और दिवाली के दौरान होने वाली खरीदारी से नवंबर में ऑटो सेक्टर को और मजबूती मिलेगी।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article