Kushinagar Accident News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। दिल्ली से यात्रियों को लेकर बिहार की ओर जा रही एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर भीषण हादसे का शिकार हो गई। इस भयानक दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
लबनिया चौराहे पर हुआ भीषण हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा कुशीनगर के पटहेरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लबनिया चौराहे के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। बस में सवार अधिकांश यात्री दिल्ली से अपने घर बिहार लौट रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पटहेरवा थाना पुलिस की टीम दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तुरंत सभी घायलों को बस से निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां कई लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और शिनाख्त की कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू करा दिया गया है और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
