London Summit: वाशिंगटन के ओवल ऑफिस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एवं उप राष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ गरमागर्म बहस के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने यूरोप की तारीफ की है। रविवार को लंदन में हुई बैठक में जेलेंस्की ने यूक्रेन को समर्थन एवं मदद देने के लिए यूरोप के नेताओं की प्रशंसा की। लंदन में यह समिट ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने बुलाई थी। इस समिट में यूक्रेन के भविष्य और उसके साथ यूरोप के संबंध पर चर्चा हुई। समिट में यूरोप के कई नेता भी शामिल हुए।
5000 से अधिक एयर डिफेंस मिसाइल देगा ब्रिटेन
इस बैठक में ब्रिटेन ने कहा कि वह रूसी हमलों से यूक्रेन के नागरिकों एवं प्रतिष्ठानों से बचाने के लिए 5000 से अधिक एयर डिफेंस मिसाइल देगा। ब्रिटेन ने कहा कि यह डील यूक्रेन को मदद देने की उसकी भावना को दर्शाती है और इससे यूके में बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
युद्धविराम योजना पर काम करने पर सहमत
ब्रिटेन, फ्रांस और यूक्रेन एक युद्धविराम योजना पर काम करने के लिए सहमत हो गए हैं, जिसे अमेरिका के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। ब्रिटिश प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर ने युद्ध समाप्त करने पर चर्चा के लिए यूरोपीय नेताओं के साथ रविवार को आयोजित शिखर सम्मेलन से पहले यह बात कही। स्टॉर्मर ने कहा कि यह योजना चार देशों के नेताओं के बीच बातचीत के बाद सामने आई है। लेकिन, रविवार को यूरोपीय नेताओं के शिखर सम्मेलन में ‘ओवल ऑफिस’ की घटना छाई रही। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच ‘ओवल ऑफिस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का कार्यालय) में हुई तीखी बहस के एक दिन बाद यह योजना सामने आई है।
पुतिन पर नहीं, लेकिन ट्रंप पर भरोसा
स्टॉर्मर ने कहा कि उनका ध्यान शांति वार्ता बहाल करने के लिए सेतु बनने पर है। उन्होंने इसे 'बयानबाजी तेज करने' के बजाय ट्रंप, जेलेंस्की और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ फिर से जुड़ने के अवसर के रूप में इस्तेमाल किया। स्टॉर्मर ने बीबीसी से कहा, ‘अब हम इस बात पर सहमत हो गए हैं कि ब्रिटेन, फ्रांस और संभवतः एक या दो अन्य देशों के साथ मिलकर यूक्रेन के साथ लड़ाई रोकने की योजना पर काम करेगा, और फिर हम उस योजना पर अमेरिका के साथ चर्चा करेंगे।’स्टार्मर और मैक्रों दोनों ने शुक्रवार को ट्रंप से बात की है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर भरोसा नहीं है, लेकिन ट्रंप पर भरोसा है।
हम स्थायी समझौता चाहते हैं-केअर
उन्होंने कहा, ‘क्या मुझे डोनाल्ड ट्रंप की बात पर यकीन करना चाहिए जब वे कहते हैं कि वे स्थायी शांति चाहते हैं? इसका जवाब है हां।’स्टॉर्मर ने कहा कि अमेरिका से सुरक्षा गारंटी प्राप्त करने के लिए 'गहन चर्चा' चल रही है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने कहा, ‘यदि कोई समझौता होना है, यदि लड़ाई को रोकना है, तो उस समझौते का बचाव करना होगा, क्योंकि सबसे खराब परिणाम यह होगा कि एक अस्थायी युद्ध विराम होगा और फिर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन फिर से आएंगे। ऐसा पहले भी हो चुका है, मैं समझता हूं कि यह वास्तविक जोखिम है और इसीलिए हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि यदि कोई समझौता हो, तो वह स्थायी समझौता हो, न कि अस्थायी युद्ध विराम।’ ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर ने कहा कि वह यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध को समाप्त करने के लिए दृढ़ संकल्प हैं।
