दुनिया

पाकिस्तान के पंजाब में भीषण सड़क हादसा, बस पलटने से 11 यात्रियों की मौत, 30 से ज्यादा घायल

Pakistan Bus Accident: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बुधवार को एक बस डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। इस हादसे में कम से कम 11 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा घायल हो गए।

Image

पाकिस्तान में भीषण सड़क हादसा (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Pakistan Bus Accident: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बुधवार को एक बस डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। इस हादसे में कम से कम 11 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार से आ रही बस अचानक डिवाइडर से टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो हुई।

एक अधिकारी ने बताया कि बस कराची से पंजाब के डेरा गाजी खान जिले की ओर जा रही थी। इसी दौरान लाहौर से करीब 500 किलोमीटर दूर राजनपुर में बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पाकिस्तान की राष्ट्रीय आपातकालीन सेवा 'रेस्क्यू 1122' के एक प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटना राजमार्ग के उस हिस्से पर हुई, जहां निर्माण कार्य चल रहा था।

हादसे की क्या है वजह?

प्रवक्ता ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि हादसे की वजह बस की तेज गति मानी जा रही है। उन्होंने कहा, "तेज गति से गुजर रही बस डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई, जिससे कई यात्री बस में फंस गए और घायल हो गए। आठ यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।"

मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल

घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई गई है। बचाव सेवा के एक अधिकारी के अनुसार, 19 घायल यात्रियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि मामूली रूप से घायल 12 अन्य लोगों को घटनास्थल पर ही चिकित्सा सहायता दी गई। हादसे में जान गंवाने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। बचाव दल ने उनके शवों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया।

पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया और अधिकारियों को घायलों का सर्वोत्तम संभव इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article