दुनिया

'PAK के साथ बातचीत तभी संभव जब...', पाकिस्तानी छात्र के सवाल पर राहुल गांधी का दो टूक जवाब

छात्र ने राहुल गांधी से पूछा कि क्या भारत और पाकिस्तान आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर आपसी हितों के लिए मिलकर काम कर सकते हैं? इसका जवाब देते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि 'एक बुनियादी समस्या है। पाकिस्तान भारत के खिलाफ आतंकवाद को बढ़ावा देता है और उसका समर्थन करता है।

Image

अमेरिकी दौरे पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी। तस्वीर-X/@INC

Rahul Gandhi News: क्या पाकिस्तान के साथ भारत को बातचीत करनी चाहिए? पाकिस्तानी छात्र के सवाल पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपनी राय जाहिर की है। शिकागो विश्वविद्यालय में छात्र के सवाल पर राहुल ने स्पष्ट रूप से कहा कि आतंकवाद पर पूरी तरह रोक लगाने के बाद ही पाकिस्तान के साथ बातचीत संभव है। राहुल ने पाकिस्तान के साथ बातचीत नहीं करने पर सरकार के रुख का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और बातचीत दोनों एक साथ नहीं हो सकते।

पाकिस्तान के साथ बुनियादी समस्या-राहुल

छात्र ने राहुल गांधी से पूछा कि क्या भारत और पाकिस्तान आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर आपसी हितों के लिए मिलकर काम कर सकते हैं? इसका जवाब देते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि 'एक बुनियादी समस्या है। पाकिस्तान भारत के खिलाफ आतंकवाद को बढ़ावा देता है और उसका समर्थन करता है। जब तक निर्दोष भारतीयों की जान जाती रहेगी, तब तक बातचीत करना असंभव है। आतंकवाद पर रोक लगने के बाद ही सार्थक बातचीत की कोई संभावना बन सकती है।'

'वैश्विक मामलों में भारत की भूमिका हाशिये पर'

भारत की भू-राजनीतिक स्थिति पर बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भारत की भू-राजनीति को लेकर हमेशा से एक परिपक्व और गहरी समझ रही है, लेकिन आज वैश्विक मामलों में भारत की भूमिका हाशिये पर चली गई है। उन्होंने अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता में पाकिस्तान की भूमिका का हवाला देते हुए यह बात कही। राहुल गांधी ने कहा, 'अपने आकार और वैश्विक महत्व के कारण भारत की आवाज स्वाभाविक रूप से पूरी दुनिया में सुनी जानी चाहिए। भारत को वैश्विक मुद्दों पर होने वाली चर्चाओं में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। लेकिन सच कहूं तो आज भारत वैश्विक मंच पर एक साइड प्लेयर बनकर रह गया है।'

'भाजपा की विचारधारा को मूल रूप से ध्वस्त कर दिया है'

प्रोफेसर रॉबर्ट पेप की अध्यक्षता में हुई बातचीत के दौरान राहुल ने भारतीय राजनीति पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, 'हमने आज भारत में राजनीतिक रूप से भाजपा की विचारधारा को मूल रूप से ध्वस्त कर दिया है। यह खत्म हो चुकी है।' गांधी ने कहा कि असंगठित छात्रों के एक समूह ने भाजपा के सरकारी तंत्र पर नियंत्रण को कमजोर कर दिया। उन्होंने कहा, 'कृपया ध्यान दें कि भारत में पूरा प्रशासनिक तंत्र भाजपा के नियंत्रण में है। पुलिस, खुफिया तंत्र, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस), नौकरशाही, सब कुछ उनके नियंत्रण में है।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article