दुनिया

Pakistan: जेल से बाहर आएंगे इमरान खान? 11 जून को जमानत मिलने की संभावना, अल-कादिर ट्रस्ट केस में होनी है सुनवाई

Pakistan: पाकिस्तान की राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो ने दिसंबर 2023 में इमरान खान, बुशरा बीबी और छह अन्य के खिलाफ एक मामला दर्ज किया था, जिसमें उन पर राष्ट्रीय खजाने को 19 करोड़ पाउंड का नुकसान पहुंचाने का आरोप है।

Image

पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान (फाइल फोटो)

Photo : AP

Pakistan: पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान इस महीने जेल से बाहर आ सकते हैं। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के शीर्ष नेताओं को उम्मीद है कि इस महीने अल कादिर ट्रस्ट मामले में इमरान खान को जमानत मिल जाएगी। 11 जून को इमरान खान की जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है।

इस्लामाबाद उच्च न्यायालय में सुनवाई

इस्लामाबाद उच्च न्यायालय अल-कादिर ट्रस्ट मामले में खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी की सजा को निलंबित करने के अनुरोध वाली याचिकाओं पर 11 जून को सुनवाई करेगा। खान(72) अगस्त 2023 से कई मामलों में अडियाला जेल में बंद हैं। खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के प्रमुख गौहर अली खान ने भरोसा जताया कि पार्टी के संस्थापक को उस दिन जमानत मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि 11 जून खान और उनकी पत्नी दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण दिन होने जा रहा है, हालांकि उन्होंने कोई विशेष कारण नहीं बताया।

एनएबी ने मांगा था और समय

इससे पहले, उच्च न्यायालय ने अल-कादिर ट्रस्ट मामले में याचिकाओं की सुनवाई 11 जून तक के लिए स्थगित कर दी थी। एआरवाई न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) द्वारा दलीलें तैयार करने के लिए अतिरिक्त समय का अनुरोध करने के बाद सुनवाई स्थगित कर दी गई।

आंदोलन शुरू करने की तैयारी में पीटीआई नेता

गौहर ने एआरवाई न्यूज को बताया कि खान की पार्टी विपक्षी दलों के साथ मिलकर एक आंदोलन शुरू करेगी, जिसका नेतृत्व जेल से पार्टी के संस्थापक करेंगे। उन्होंने विपक्षी दलों से देश के अस्तित्व और सुरक्षा की खातिर उनकी पार्टी में शामिल होने का आग्रह किया और कहा कि आगामी बजट सत्र के लिए रणनीति को अंतिम रूप दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस बारे में 9 जून को एक प्रेस वार्ता करेगी। गौहर ने दावा किया कि खान की पत्नी बुशरा बीबी को पार्टी संस्थापक पर दबाव बनाने के लिए बिना किसी आरोप के जेल में रखा गया है और दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री की रिहाई के लिए कोई सौदेबाजी नहीं की जाएगी। उन्होंने पार्टी के भीतर अंदरूनी कलह की अफवाहों को भी खारिज कर दिया।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article