एजुकेशन

Job Interview Questions: जॉब इंटरव्यू में अक्सर पूछे जाते हैं ये 5 कॉमन लेकिन महत्वपूर्ण सवाल, जानें कैसे तैयार करें अपना बेस्ट जवाब

Job Interview Questions: जॉब इंटरव्यू के दौरान कुछ कॉमन से लगने वाले सवाल बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इनके जवाब आपको नौकरी के करीब ले जा सकते हैं, तो वहीं गलत जवाब आपको रिजेक्ट भी करा सकता है।

Image

Job Interview Questions (Photo - AI/Newsroom Verified)

Job Interview Questions: जॉब इंटरव्यू किसी भी उम्मीदवार के करियर में एक निर्णायक पड़ाव होता है। चाहे आप फ्रेशर हो या अनुभवी प्रोफेशनल, इंटरव्यू के दौरान कुछ सामान्य से लगने वाले सवाल नौकरी दिलाने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कई उम्मीदवार इन सवालों को आसान समझकर हल्के में ले लेते हैं, जबकि हकीकत यह है कि रिक्रूटर इन्हीं सवालों के जरिए आपकी सोच, आत्मविश्वास, संवाद शैली और कंपनी के प्रति आपकी गंभीरता को परखते हैं। इन सवालों की सही तैयारी के साथ दिए गए संतुलित और स्पष्ट जवाब आपको भीड़ से अलग खड़ा कर सकते हैं। वहीं जवाब में गलती या उत्तर का सटीक न होने आपको नौकरी की इस रेस से बाहर भी कर सकता है। आइए आज इस स्टोरी के माध्यम से जानते हैं आम से लगने वाले बेहद 5 महत्वपूर्ण इंटरव्यू सवाल कौन से हैं और उनके जवाब कैसे तैयार कर सकते हैं।

अपने बारे में बताइए (Tell me about yourself)

जब इंटरव्यू की शुरुआत होती है तो 'अपने बारे में बताइए' सबसे आम और महत्वपूर्ण सवाल है। इंटरव्यूअर आपके रिज्यूमे की रटी-रटाई लाइनें नहीं, बल्कि आपके अनुभव, कौशल और वर्तमान भूमिका से आपका जुड़ाव देखना चाहता है।

जवाब कैसे तैयार करें - इसे सवाल का जवाब उम्मीदवार को वर्तमान-भूत-भविष्य के ढांचे में तैयार करना चाहिए। सबसे पहले अपनी मौजूदा भूमिका या हालिया पढ़ाई/प्रोजेक्ट का जिक्र करें, फिर अपने मुख्य अनुभव व उपलब्धियों को संक्षेप में बताएं, और अंत में यह जोड़ें कि आप इस नई भूमिका के लिए क्यों उत्साहित हैं। जवाब को 60 से 90 सेकंड के भीतर रखें।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - IIT Kharagpur से किन दिग्गजों ने की है पढ़ाई?

आपका पिछला अनुभव इस भूमिका के लिए कैसे प्रासंगिक है?

How is your previous experience relevant to this role? इस सवाल के जरिए नियोक्ता यह जांचता है कि आपके पास मौजूद स्किल्स और अनुभव नई जिम्मेदारियों को संभालने में कितने उपयोगी साबित होंगे। यह एक महत्वपूर्ण सवाल है, क्योंकि इससे इंटरव्यूअर को आपकी योग्यता, स्किल्स और नॉलेज के बारे में पता लगता है।

जवाब कैसे तैयार करें - पिछले काम या प्रोजेक्ट्स से ऐसे उदाहरण चुनें जिनमें आपने समस्या हल की हो, लक्ष्य पूरे किए हों या संबंधित टूल्स/प्रक्रियाओं का उपयोग किया हो। सीधे बताएं कि आपका पिछला अनुभव इस पद की मुख्य जरूरतों से कैसे मेल खाता है और पहले दिन से आपके अनुभव से टीम को कैसे मदद मिल सकती है।

आपके पास इस कंपनी के लिए क्या है?

What can you bring to the company? इंटरव्यूअर द्वारा यह सवाल आपकी वैल्यू और योगदान को समझने के लिए पूछा जाता है। यहां अपनी खूबियों को केवल गिनाने के बजाय कंपनी की जरूरत से जोड़ना जरूरी है।

कैसे तैयार करें जवाब - इस सवाल का जवाब तैयार करने से पहले उम्मीदवार को जॉब डिस्क्रिप्शन (JD) की मुख्य जरूरतों को देखें और अपने मजबूत पक्षों से उनका मिलान करना चाहिए। उदाहरण के लिए, आप बता सकते हैं कि आपकी विश्लेषणात्मक क्षमता, तेज सीखने की आदत, टीम कोआर्डिनेशन या प्रक्रिया सुधारने का अनुभव कंपनी के लक्ष्यों को गति दे सकता है।

काम के बाहर आपको क्या करना पसंद है?

What do you like to do outside of work? भले ही आम लगता है, लेकिन यह सवाल केवल आइस ब्रेकर के तौर पर नहीं, बल्कि यह समझने के लिए पूछा जाता है कि आप संतुलन कैसे बनाते हैं, तनाव कैसे संभालते हैं और आपको काम के अलावा क्या पसंद है।

कैसे तैयार करें जवाब - अपनी वास्तविक और सकारात्मक हॉबीज या रुचियों के बारे में बताएं—जैसे पढ़ना, खेलकूद, लेखन, संगीत या कोई नया कौशल सीखना। यदि आपकी कोई रुचि धैर्य, रचनात्मकता या अनुशासन को बढ़ावा देती है, तो उसका सहज उल्लेख किया जा सकता है, लेकिन जवाब स्वाभाविक और ईमानदार होना चाहिए। उम्मीदवारों को सलाह है कि वह 'मुझे काम करना पसंद है' या 'मैं आप कुछ नहीं करता' आदि जैसे जवाब देने से बचें।

आपकी सबसे बड़ी ताकत क्या है?

Strengths & Areas of Improvement से संबंधित पूछा गया यह सवाल के जरिए इंटरव्यूअर आपकी आत्म-जागरूकता (Self-awareness) और सीखने की तत्परता को परखता है।

कैसे तैयार करें जवाब - अपनी ताकत बताते समय एक ठोस उदाहरण दें कि वह खूबी काम में कैसे उपयोगी रही। सुधार की जगह (वीकनेस) बताते समय नकली या घिसी-पिटी बातें न कहें, इसके बजाय किसी वास्तविक क्षेत्र का जिक्र करें जिसे आप सुधार रहे हैं और बताएं कि उसके लिए आप क्या कदम उठा रहे हैं।

इंटरव्यू से पहले और दौरान 2 व्यावहारिक सुझाव

व्यवहारिक और अनुभव से जुड़े सवालों के जवाब देते समय Situation, Task, Action और Result के क्रम में अपनी बात रखें। इससे जवाब ठोस और विश्वसनीय लगता है। इंटरव्यू से पहले कंपनी के उत्पादों/सेवाओं, हालिया अपडेट्स और काम करने के तरीके की बुनियादी जानकारी जरूर पढ़ें। अंत में जब आपसे कोई सवाल पूछने को कहा जाए, तो भूमिका की अपेक्षाओं या टीम के लक्ष्यों से जुड़ा एक सार्थक प्रश्न अवश्य पूछें। इसके साथ ही उम्मीदवार को सबसे महत्वपूर्ण सलाह यह है कि वह जॉब डिस्क्रिप्शन जरूर चेक करें। इसके जानकारी के आधार पर आप सवालों का सही जवाब तैयार कर सकते हैं।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article