स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। न्यूजीलैंड टीम के कप्तान टॉम लैथम के लिए भारत के खिलाफ पहला टेस्ट मैच किसी बुरे सपना जैसा हमेशा याद रहेगा। वेलिंग्टन टेस्ट मैच की दोनों पारियों में टॉम लैथम अपना खाता तक नहीं खोल पाए। दोनों ही बार जसप्रीत बुमराह का शिकार बने। इसी के साथ टॉम लैथम के नाम एक ऐसा अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया, जो उनके टेस्ट करियर में एक बदनुमा दाग बनकर उनसे हमेशा के लिए चिपक जाएगा।
दरअसल, टॉम लैथम एक टेस्ट मैच की दोनों पारियों में डक पर आउट होने वाले तीसरे कीवी कप्तान बने। वहीं, टेस्ट क्रिकेट में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। टॉम लैथम पिछले 29 सालों में न्यूजीलैंड के पहले ऐसे टेस्ट कप्तान बन गए हैं जो किसी टेस्ट मैच की दोनों पारियों में अपना खाता खोलने में कामयाब नहीं हो सके।
बने तीसरे कीवी कप्तान
इससे पहले साल 1956 में न्यूजीलैंड के कप्तान हैरी केव वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मुकाबले में दोनों पारियों में डक पर आउट हुए थे। वहीं, साल 1997 में स्टीफन फ्लेमिंग ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मुकाबले की दोनों पारियों में अपना खाता खोलने में कामयाब नहीं हो सके थे।
टेस्ट मैचों में डक 'पेयर' बनाने वाले न्यूजीलैंड के कप्तान
- हैरी केव बनाम वेस्टइंडीज, डुनेडिन, 1956
- स्टीफन फ्लेमिंग बनाम ऑस्ट्रेलिया, होबार्ट, 1997
- टॉम लैथम बनाम भारत, वेलिंग्टन, 2026
इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट इतिहास में यह 8वीं बार है जब न्यूजीलैंड का कोई ओपनिंग बल्लेबाज मुकाबले की दोनों पारियों में डक पर आउट हुआ है, जिसमें साल 2010 में अहमदाबाद में टिम मैकिन्टोश के बाद, भारत के खिलाफ ऐसा करने वाले टॉम लैथम दूसरे खिलाड़ी हैं।
तोड़ा सहवाग का रिकॉर्ड
टेस्ट क्रिकेट में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा डक पर आउट होने की बात करें तो यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के क्रेग ब्रेथवेट के नाम पर है जो 19 बार शून्य के स्कोर पर आउट हो चुके हैं। वहीं, इस लिस्ट में माइक अर्थन (17 बार) दूसरे नंबर पर हैं। टॉम लैथम, मार्वन अटापट्टू (16-16 बार) के साथ संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर आ गए हैं। इस लिस्ट में वीरेंद्र सहवाग अब 5वें नंबर पर खिसक गए हैं।
टेस्ट में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले ओपनिंग बल्लेबाज
- क्रेग ब्रैथवेट (वेस्टइंडीज) - 19
- माइक अथर्टन (इंग्लैंड) - 17
- मार्वन अटापट्टू (श्रीलंका) - 16
- टॉम लैथम (न्यूजीलैंड) - 16
- वीरेंद्र सहवाग (भारत) - 15
वहीं, टॉम लैथम को दोनों पारियों में डक पर आउट करने वाले जसप्रीत बुमराह के नाम भी अनोखा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, बुमराह टेस्ट मैच की दोनों पारियों के पहले ओवर में विकेट लेने वाले मात्र तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं।
टेस्ट मैच की दोनों पारियों के पहले ओवर में विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज
- एस. श्रीसंत बनाम वेस्टइंडीज, किंग्स्टन, 2006
- ज़हीर खान बनाम बांग्लादेश, मीरपुर, 2007
- जसप्रीत बुमराह बनाम न्यूज़ीलैंड, वेलिंगटन, 2026
