ऑटो न्यूज़

Maruti Suzuki ने बढ़ाए चुनिंदा कारों के दाम, आज से लागू हुई नई कीमतें, जानें कितनी हुई बढ़ोतरी

Maruti Suzuki ने एक बार फिर से झटका देते हुए अपनी कई कारों की कीमत में इजाफा कर दिया है। नई कीमतें आज यानी 22 नवंबर 2026 से लागू हो गई हैं। इससे पहले भी इसी साल की शुरुआत में कंपनी ने कारों की कीमतों बढ़ाई थीं।

Image

इस साल पहले भी बढ़ चुके हैं दाम/Photo- Maruti

देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki ने अपनी चुनिंदा कारों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने लागत का दबाव बढ़ने के कारण यह फैसला लिया है। नई कीमतें 22 नवंबर 2026 यानी रविवार से लागू हो गई हैं, हालांकि कंपनी ने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया है कि किन-किन मॉडल की कीमतों में कितनी बढ़ोतरी की गई है। कंपनी के मुताबिक सभी प्रभावित मॉडलों को मिलाकर औसतन कीमतों में करीब 0.31 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।

क्यों बढ़ाए गए कारों के दाम?

Maruti Suzuki ने शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया कि कंपनी लगातार बढ़ती लागत के दबाव का सामना कर रही है। कंपनी ने उत्पादन और दूसरी लागत को कम करने के लिए कई कदम उठाए हैं, लेकिन इसके बावजूद खर्च में बढ़ोतरी जारी है। ऐसे में बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालने का फैसला किया गया है।

कंपनी का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी करते समय इस बात का ध्यान रखा गया है कि ग्राहकों पर इसका असर कम से कम पड़े। 0.31 फीसदी की औसत बढ़ोतरी सभी चुनिंदा मॉडलों के बिक्री मूल्य और वॉल्यूम के आधार पर निकाली गई है। इसका मतलब है कि हर कार की कीमत में एक जैसी बढ़ोतरी नहीं हुई है।

इस साल पहले भी बढ़ चुके हैं दाम

Maruti Suzuki ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में भी तीन बार कारों की कीमतें बढ़ाई थीं। इन तीनों बढ़ोतरी को मिलाकर कीमतों में कुल इजाफा 1 फीसदी से थोड़ा ज्यादा रहा था। अब कंपनी ने एक बार फिर चुनिंदा मॉडल महंगे कर दिए हैं।

मुनाफे में आई 26 फीसदी से ज्यादा गिरावट

कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला ऐसे समय में आया है, जब कंपनी के मुनाफे पर लागत का दबाव देखने को मिला है। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में Maruti Suzuki का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 26.36 फीसदी घटकर 2,466.1 करोड़ रुपये रह गया।

हालांकि, इस दौरान कंपनी की गाड़ियों की बिक्री और रेवेन्यू में अच्छी बढ़ोतरी हुई। पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण कच्चे माल और अन्य इनपुट की लागत बढ़ने से कंपनी की कमाई प्रभावित हुई। कंपनी का ऑपरेटिंग EBITDA मार्जिन भी पिछले साल की समान तिमाही के 12.7 फीसदी से घटकर 9.4 फीसदी रह गया।

दूसरी छमाही में बिक्री बढ़ाने का लक्ष्य

Maruti Suzuki को वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में गाड़ियों की बिक्री में दोहरे अंकों की ग्रोथ की उम्मीद है। कंपनी को त्योहारी सीजन में मजबूत मांग, पहले से मिले ऑर्डर और डीलरशिप पर बेहतर स्टॉक मैनेजमेंट से फायदा मिलने की उम्मीद है।

अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच कंपनी की घरेलू डिस्पैच 31.6 फीसदी बढ़कर 11.46 लाख गाड़ियों पर पहुंच गई। कंपनी के मुताबिक पिछले साल की समान अवधि में बिक्री का आधार कम होने से भी इस बार ग्रोथ के आंकड़ों को समर्थन मिला है। अब देखना होगा कि नई कीमतों का ग्राहकों की मांग पर कितना असर पड़ता है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article