देश

Punjab Election: पंजाब में फिर साथ आएंगे बीजेपी और अकाली दल? कितने सीटों पर अड़ी BJP, बठिंडा जा सकते हैं PM मोदी

पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के बीच फिर गठबंधन की संभावनाएं तेज हैं। सूत्रों के मुताबिक, अगले सप्ताह गठबंधन का औपचारिक ऐलान हो सकता है। सीट बंटवारे पर बीजेपी 50-55 सीटों की मांग कर रही है, जबकि अकाली दल 45 सीटें देने को तैयार बताया जा रहा है। इस बीच पीएम मोदी के बठिंडा दौरे की भी चर्चा है।

Image

BJP-अकाली गठबंधन पर जल्द लग सकती है मुहर। PTI

Photo : PTI

Punjab BJP-Akali Alliance: पंजाब की राजनीति में बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के बीच एक बार फिर गठबंधन की संभावनाएं तेज होती दिख रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, दोनों दलों के बीच बातचीत हो चुकी है और आने वाला सप्ताह गठबंधन के लिहाज से बेहद अहम हो सकता है। अगले सप्ताह गठबंधन का औपचारिक ऐलान भी संभव बताया जा रहा है। हालांकि, अभी सबसे बड़ा सवाल सीटों के बंटवारे को लेकर है।

बीजेपी 50-55 सीटों की मांग पर कायम

सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी पंजाब में 50 से 55 विधानसभा सीटें चाहती है, जबकि अकाली दल उसे 45 सीटें देने के लिए तैयार बताया जा रहा है। ऐसे में दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर बातचीत जारी है। बीजेपी की कोशिश है कि गठबंधन में उसे पहले के मुकाबले ज्यादा सीटें मिलें।

बताया जा रहा है कि बीजेपी के आंतरिक सर्वे में शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों की कई सीटों पर पार्टी की मजबूत मौजूदगी के संकेत मिले हैं। इसी आधार पर पार्टी अधिक सीटों की मांग कर रही है। सूत्रों का यह भी कहना है कि सीटों के बंटवारे में केवल पार्टी के चुनाव चिह्न को आधार नहीं बनाया जाएगा, बल्कि उम्मीदवार की जीतने की क्षमता यानी Winnability को प्राथमिकता दी जा सकती है।

बठिंडा दौरे पर जा सकते हैं पीएम मोदी

गठबंधन की चर्चाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे को लेकर भी अटकलें हैं। सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी इस सप्ताह बठिंडा जा सकते हैं, जिसे अकाली दल का मजबूत राजनीतिक क्षेत्र माना जाता है। बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के अगले एक-दो दिनों में पंजाब पहुंचने की भी संभावना जताई जा रही है। हालांकि, पीएम मोदी के दौरे और गठबंधन की घोषणा को लेकर अभी आधिकारिक कार्यक्रम या पुष्टि सामने नहीं आई है।

2020 में टूट गया था 24 साल पुराना गठबंधन

बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल लंबे समय तक पंजाब में सहयोगी रहे हैं। दोनों दलों ने 1997 से 2017 तक विधानसभा चुनावों में गठबंधन के तहत हिस्सा लिया था। उस दौरान अकाली दल ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ता था, जबकि बीजेपी शहरी क्षेत्रों में अपनी पारंपरिक सीटों पर मैदान में उतरती थी। सितंबर 2020 में केंद्र के तीन कृषि कानूनों को लेकर मतभेद के बाद अकाली दल ने एनडीए से नाता तोड़ लिया था। अब 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के फिर साथ आने की चर्चाएं तेज हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article