दुनिया

PoK में पाकिस्तान ने मुंह की खाई! मौजूदा हालात देखकर घबराया निर्वाचन आयोग; 10 अगस्त के अधिकांश चुनाव किए स्थगित

PoK Polls: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 10 अगस्त को तीसरे चरण के चुनाव के वास्ते निर्धारित 11 सीट में से सात पर होने वाला मतदान सुरक्षा-व्यवस्था की चिंताओं के मद्देनजर अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है।

Image

पीओके में 10 अगस्त को होने वाले अधिकांश मतदान स्थगित (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : ANI

PoK Polls 2026: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में 10 अगस्त को तीसरे चरण के चुनाव के वास्ते निर्धारित 11 सीट में से सात पर होने वाला मतदान सुरक्षा-व्यवस्था की चिंताओं के मद्देनजर अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है।

PoK में 45 सीटों पर हो रहे चुनाव

हिंसक विरोध-प्रदर्शनों से प्रभावित चुनाव के पहले और दूसरे चरण का मतदान क्रमशः 27 जुलाई और दो अगस्त को हुआ था तथा तीसरे चरण में सोमवार को पीओके के पुंछ संभाग की 11 सीट के लिए मतदान होना था। पीओके की तथाकथित विधानसभा के लिए कुल 45 सीट पर चुनाव हो रहे हैं।

पीओके के निर्वाचन आयोग ने एक बयान में कहा, ''पुंछ जिले के सात निर्वाचन क्षेत्रों और सुधनति के पल्लंद्री में 10 अगस्त को मतदान नहीं होगा।'' हालांकि, बाग जिले की तीन सीट और हवेली की एक सीट पर मतदान तय कार्यक्रम के अनुसार 10 अगस्त को ही होगा।

निर्वाचन आयोग ने कहा, ''हमें वहां के गृह सचिव की ओर से एक रिपोर्ट मिली है, जिसमें पुंछ जिले और पल्लंद्री जिले के कुछ इलाकों में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर चिंता जताई गई है। इन सीट पर मतदान की अगली तारीख बाद में घोषित की जाएगी।"

निर्वाचन आयोग ने कहा कि उसे इन जिलों के कुछ राजनीतिक नेताओं और उम्मीदवारों से अनुरोध मिले हैं, जिनमें मौजूदा हालात को देखते हुए पुंछ और पल्लंद्री जिलों में चुनाव टालने की मांग की गई है। आयोग के बयान में कहा गया, ''हम हालात की समीक्षा करने और सभी जरूरी बातों पर विचार के बाद पुंछ और पल्लंद्री के लिए मतदान की नयी तारीखों और चुनाव के संशोधित कार्यक्रम की घोषणा करेंगे।''

पाकिस्तान का गैर-कानूनी और जबरन कब्जा

भारत का कहना है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पूरे केंद्र शासित प्रदेश उसके अभिन्न और अविभाज्य हिस्से हैं। नई दिल्ली का यह भी कहना है कि पाकिस्तान ने इन केंद्र-शासित प्रदेशों के कुछ हिस्सों पर "गैर-कानूनी और जबरन कब्जा" कर रखा है। भारत ने पीओके में तथाकथित स्थानीय निकाय चुनावों को मंगलवार को ''पूरी तरह से दिखावा'' बताया था और कहा था कि ऐसी "खोखली" कवायदें उस इलाके की जमीनी हकीकत को छिपा नहीं सकती हैं।

सनद रहे कि पीओके पिछले कुछ समय से सुलग रहा है और वहां के लोग पाकिस्तान द्वारा किए जा रहे अत्याचार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। साथ ही 'आजादी' की मांग कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर लगातार पीओके के वीडियो सामने आ रहे हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!