देश

दीपोत्सव 2026 : धरती पर 30 लाख दीये, आसमान में 2100 ड्रोन, रामनगरी में आज सजेगा रोशनी का 'महाकुंभ', जानें पूरा कार्यक्रम

पिछले साल अयोध्या ने 26 लाख 17 हजार से ज्यादा दीयों के साथ गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था, और अब उसी को पार करने की तैयारी है। लगभग 35 हजार स्वयंसेवक इस काम में जुटे हैं, जिनमें विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के छात्र बड़ी संख्या में हैं। वे बसों से घाटों पर पहुंचे, अपने-अपने घाट संभाले और पूरे अनुशासन के साथ दीये सजाए।

Image

दीपोत्सव 2026 : धरती पर 30 लाख दीये, आसमान में 2100 ड्रोन, रामनगरी में आज सजेगा रोशनी का 'महाकुंभ', जानें पूरा कार्यक्रम

Deepotsav 2026 : उत्तर प्रदेश में रामनगरी अयोध्या में दसवें दीपोत्सव-2026 के लिए खास तैयारी की गई है। इस बार 30 लाख दीयों से अयोध्या नगरी जगमग होने जा रही है। अयोध्या में 10वां दीपोत्सव 5 से 7 नवंबर तक मनाया जा रहा है। 7 नवंबर की शाम इसका मुख्य आयोजन है। इस बार राम की पैड़ी के सभी 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये जलाने का लक्ष्य रखा गया है। पिछले साल अयोध्या ने 26 लाख 17 हजार से ज्यादा दीयों के साथ गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था, और अब उसी को पार करने की तैयारी है। लगभग 35 हजार स्वयंसेवक इस काम में जुटे हैं, जिनमें विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के छात्र बड़ी संख्या में हैं। वे बसों से घाटों पर पहुंचे, अपने-अपने घाट संभाले और पूरे अनुशासन के साथ दीये सजाए। 23 अक्टूबर को घाट संख्या 10 पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन के साथ इस महाआयोजन की औपचारिक शुरुआत हुई थी।

आसमान में रामायण

इस बार का सबसे बड़ा आकर्षण 2,100 ड्रोन का शो है। ये ड्रोन आसमान में रामायण से जुड़ी भव्य आकृतियां उकेरेंगे। यह नजारा आज शाम और 9 नवंबर को भी देखा जा सकेगा। इसके साथ मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन और लेजर शो भी होगा, जिसमें राम की पैड़ी पर रामायण के प्रसंग रोशनी और संगीत के जरिए जीवंत होंगे।

आस्था और परंपरा का अटूट संगम

सरयू तट पर 2,100 बटुक एक साथ सामूहिक आरती करेंगे। इसके अलावा 240 से अधिक मंदिर-मठों में भी दीप प्रज्ज्वलन होगा, ताकि पूरी रामनगरी रोशनी में नहा उठे।

दीपोत्सव 2026 का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

  • सुबह 10:00 बजे साकेत महाविद्यालय से भव्य रामायणकालीन शोभायात्रा (झांकी) का शुभारंभ होगा। यह यात्रा विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए दोपहर 2:00 बजे रामकथा पार्क पहुंचेगी।
  • दोपहर 2:30 बजे भारत के उपराष्ट्रपति अयोध्या पहुंचेंगे। आगमन के बाद वे मुख्यमंत्री के साथ श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन एवं पूजन करेंगे।
  • दोपहर 3:25 बजे से 3:40 बजे तक भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूप हेलीकॉप्टर रूपी पुष्पक विमान से रामकथा पार्क पहुंचेंगे। यहां पारंपरिक भरत मिलाप का आयोजन होगा।
  • दोपहर 3:50 बजे से 4:10 बजे तक रामकथा पार्क के मुख्य मंच पर भगवान श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक, पूजा-अर्चना और महाआरती संपन्न होगी।
  • शाम 5:35 बजे से 5:55 बजे तक नया घाट, सरयू तट पर 2,100 बटुकों द्वारा भव्य और ऐतिहासिक सरयू महाआरती की जाएगी।
  • शाम 6:00 बजे से 6:25 बजे तक राम की पैड़ी और सरयू नदी के सभी 56 घाटों पर एक साथ 33 लाख दीपों का प्रज्ज्वलन होगा। इसी दौरान गिनीज बुक रिकॉर्ड्स के लिए दीपों की गणना भी की जाएगी।
  • शाम 6:25 बजे से 6:55 बजे तक राम की पैड़ी पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग, रामायण-आधारित लेजर शो और आकर्षक ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा।
  • शाम 7:40 बजे से 7:50 बजे तक नया घाट पर भव्य म्यूजिकल हरित आतिशबाजी कार्यक्रम के साथ दीपोत्सव के प्रमुख आयोजनों का समापन होगा।

पर्यटकों के लिए क्या नया

पर्यटन विभाग के मुताबिक इस बार सरयू पर नए घाट, एम्फीथिएटर, फूड कोर्ट और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट जैसे नए आकर्षण जुड़े हैं। राम की पैड़ी पर विज़िटर गैलरी और सेल्फी पॉइंट बनाए गए हैं। गुप्तार घाट का सौंदर्यीकरण हुआ है और उधैला झील में इको-टूरिज्म विकसित किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास निगम ने 6 से 8 नवंबर का विशेष "दीपोत्सव अयोध्या" टूर पैकेज भी शुरू किया है।

दीपोत्सव का संदेश

त्रेता युग में प्रभु श्रीराम के वनवास से लौटने पर अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया था। उसी स्मृति में हर साल सरयू के घाट दीयों से भर जाते हैं। इस बार भी आयोजकों की कोशिश यही है कि परंपरा के साथ तकनीक का संगम दिखे, एक तरफ लाखों मिट्टी के दीये और दूसरी तरफ ड्रोन और लेजर की रोशनी।

उपराष्ट्रपति करेंगे दसवें दीपोत्सव-2026 का शुभारंभ

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में दसवें दीपोत्सव-2026 की शुरुआत शनिवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन संतों और धर्माचार्यों की उपस्थिति में करेंगे।

बयान के अनुसार, इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। दीपोत्सव के दौरान सरयू नदी के 56 घाट असंख्य दीपों से जगमग होंगे, जबकि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप से सजाया जाएगा। दीपोत्सव में प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या आगमन को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाती भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें देश के 13 राज्यों के दल भाग लेंगे।

अंतरराष्ट्रीय और भारतीय रामलीला दल करेंगे मंचन

रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। धर्मपथ सहित अन्य प्रमुख मार्गों को विशेष थीम वाली आधुनिक रोशनी और एलईडी पैनलों से सजाया जाएगा। बयान के अनुसार, राम की पैड़ी पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और भव्य लेजर शो आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा, रामायण के प्रसंगों पर आधारित ड्रोन शो और नया घाट पर संगीत के साथ आतिशबाजी दीपोत्सव की भव्यता बढ़ाएगी। अंतरराष्ट्रीय और भारतीय रामलीला दल प्रभु श्रीराम की लीलाओं का मंचन करेंगे। वहीं, देश और प्रदेश के करीब दो हजार कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर रामनगरी को भक्तिमय बनाएंगे। इस भव्य आयोजन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, मंत्री सूर्य प्रताप शाही और जयवीर सिंह सहित कई अन्य नेता भी मौजूद रहेंगे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article