अमेरिका (America) की राजधानी वॉशिंगटन से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां व्हाइट हाउस (White House) के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इस व्यक्ति ने दावा किया था कि उसके दिमाग में कुछ आवाजें उसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की हत्या करने के लिए कह रही थीं। जब सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने उसकी कार की तलाशी ली, तो उसमें से तीन बंदूकें और बड़ी संख्या में कारतूस मिले। अधिकारियों ने समय रहते उसे पकड़ लिया और किसी को नुकसान नहीं पहुंचा।
व्हाइट हाउस के पास संदिग्ध हालत में मिली कार
एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना गुरुवार रात की है। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अधिकारी व्हाइट हाउस के पास अपनी ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक पार्क की गई कार में बैठा व्यक्ति संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। अधिकारियों ने जब उस व्यक्ति से पूछताछ की, तो उसने अपने दिमाग में आवाजें सुनाई देने की बात कही। उसने बताया कि ये आवाजें उसे अमेरिका की राजधानी आने और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मारने के लिए कह रही थीं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: गाजियाबाद में लाल कुआं पुल के नीचे चलती कार में लगी आग
कार में मिलीं तीन बंदूकें और कई कारतूस
शुरुआती पूछताछ के बाद अधिकारियों ने उस व्यक्ति की कार की जांच की। इस दौरान पता चला कि जिस गाड़ी में वह मौजूद था, उसके चोरी होने की रिपोर्ट पहले ही दर्ज कराई जा चुकी थी। कार की तलाशी लेने पर अधिकारियों को तीन अलग-अलग तरह की बंदूकें और दर्जनों कारतूस मिले। इसके बाद सीक्रेट सर्विस ने बिना देर किए उसे हिरासत में ले लिया। अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध की पहचान रॉनी यॉर्ड्रिक्स गुआनिपा चिरिनोस के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार करने के बाद उसके खिलाफ आरोप भी दर्ज किए गए हैं।
वेनेजुएला का रहने वाला है आरोपी
अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के बयान के अनुसार, आरोपी मूल रूप से वेनेजुएला का रहने वाला है। विभाग ने बताया कि वह मार्च 2024 में टेक्सास के रास्ते अमेरिका आया था और देश में अवैध रूप से रह रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे अमेरिकी मार्शल सर्विस की हिरासत में रखा गया है। फिलहाल मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।
ट्रंप की सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके परिवार को धमकियां मिलने के कई मामले सामने आ चुके हैं। ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद से सीक्रेट सर्विस और दूसरी सुरक्षा एजेंसियां ऐसे कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी हैं, जिन पर ट्रंप या उनके परिवार के सदस्यों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का आरोप है। अमेरिका के गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने इस कार्रवाई के लिए सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने समय रहते हथियारों से लैस व्यक्ति को पकड़ लिया, जिससे किसी को नुकसान पहुंचने से रोका जा सका।
