Pete Hegseth : अमेरिका के रक्षा मंत्री पीठ हेगसेथ विवादों में आ गए हैं। फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट में सनसनीखेज दावा करते हुए कहा गया है कि हेगसेथ से जुड़े एक व्यक्ति ने अमेरिका की एक बड़ी रक्षा इकाई में निवेश की इच्छा जताई थी। इसके कुछ दिनों बाद ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजराइल के हमले शुरू हुए। समाचार एजेंसी रॉयटर्स की मुताबिक रिपोर्ट में इस मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों का हवाला दिया गया है। इस बीच, रक्षा मंत्री के वरिष्ठ सलाहकार, एवं पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता एवं सीन पार्नेल ने इस रिपोर्ट को पूरी तरह से बेबुनियात और मनगढ़त बताया है।
कंपनी ने अंदरूनी रूप से इसे उठाया
रॉयटर्स के मुताबिक फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट में इस निवेश से जुड़ी चर्चाओं के बारे में जानकारी रखने वाले तीन लोगों का हवाला दिया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मॉर्गन स्टैनली के साथ काम करने वाले 'ब्रोकर' ने बीते फरवरी में डिफेंस इंडस्ट्रियल एक्टिव ईटीएफ (आईडीईएफ) में एक संभावित मल्टीमिलियन डॉलर के निवेश के लिए ब्लैकरॉक से संपर्क किया। सूत्रों का कहना है कि निवेश की इस पेशकश पर ब्लैकरॉक ने अंदरूनी रूप में इस मामले को उठाया।
'ब्लैकरॉक में निवेश करने की जताई थी इच्छा'
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि ब्लैकरॉक का 3.2 अरब डॉलर इक्विटी फंड ऐसी कंपनियों को अपने केंद्र में रखता है जो कि भू-राजनीतिक तनावों के बीच रक्षा एवं सुरक्षा पर बढ़े हुए सरकारी खर्च से लाभान्वित हो सकती हैं। ब्लैकरॉक की टॉप होल्डिंग्स रखने वाली कंपनियों में RTX, लॉकहीड मार्टिन एवं नॉर्थरोप ग्रुमैन और डाटा एनालिटिक्स कंपनी पैलेनटीर शामिल हैं और इन सभी कंपनियों के अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ वार (रक्षा मंत्रालय) के साथ करीबी संबंध हैं।
प्रस्तावित निवेश आगे नहीं बढ़ पाया-रिपोर्ट
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि यह प्रस्तावित निवेश आगे नहीं बढ़ पाया क्योंकि ईटीएफ जो कि मई 2025 में शुरू हुई, वह उस समय मॉर्गन स्टेनली के जरिए खरीद के लिए उपलब्ध नहीं था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि हेगसेठ के 'ब्रोकर' ने बाद में किसी अन्य डिफेंस केंद्रित फंड में निवेश किया या नहीं। वहीं, पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता पार्नेल ने अपने X अकाउंट पर इस रिपोर्ट को बेबुनियाद बताकर खारिज किया है। पार्नेल ने कहा 'यह आरोप पूरी तरह से झूठा और मनगढ़ंत है। न तो सचिव हेगसेथ और न ही उनके किसी प्रतिनिधि ने ऐसे किसी निवेश के लिए ब्लैकरॉक से संपर्क किय।'
बीते 28 फरवरी को ईरान पर हुआ हमला
इस रिपोर्ट ने दुनिया भर का ध्यान अपनी ओर खींचा है। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले के एक महीने से ज्यादा का वक्त हो चुका है। अब ट्रंप ने संकेत दिया है कि वह इस युद्ध को बंद कर सकते हैं। ईरान युद्ध को लेकर पेंटागन मंगलवार शाम साढ़े छह बजे के करीब प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाला है। इस पीसी में ईरान युद्ध पर कोई बड़ी घोषणा हो सकती है। इजराइल ने कहा है कि उसका पूरा ध्यान ईरान के पास मौजूद करीब 450 किलोग्राम यूरेनियम बरामद करने पर है।
