शहर

'सपा पहले जय श्रीराम से घबराते थी, अब राधे-राधे सुनकर भी बेचैन', केशव प्रसाद मौर्य का अखिलेश यादव पर हमला

Keshav Prasad Maurya: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने चेतावनी देते हुए कहा, तुष्टीकरण में डूबी सपा कान खोलकर सुन ले, जय श्रीराम भी गूंजेगा और राधे-राधे भी। उन्होंने दावा किया, 2027 में सत्ता में लौटने का सपाइयों का सपना फिर टूटेगा और उत्तर प्रदेश में फिर एक बार कमल खिलेगा।

Image

केशव प्रसाद मौर्य (फोटो साभार- PTI)

Keshav Prasad Maurya: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सपाई पहले जय श्रीराम से घबराते थे, अब राधे-राधे सुनकर भी बेचैन हैं। मौर्य ने यह प्रतिक्रिया सपा प्रमुख अखिलेश यादव के शनिवार को भाजपा के राधे-राधे-कमल खिला दे नारे पर तंज कसने के एक दिन बाद व्यक्त की है। उन्होंने एक्स पर लिखा, सपाई पहले जय श्रीराम से घबराते थे, अब राधे-राधे सुनकर भी बेचैन हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में जय श्रीराम गूंजता है तो ब्रज में लोग राधे-राधे कहकर एक-दूसरे का हाल पूछते हैं। उन्होंने सवाल उठाया, सपा बहादुर अखिलेश यादव को यह साफ करना चाहिए कि क्या अब प्रदेश की जनता को उनसे पूछकर अपने आराध्य का नाम लेना पड़ेगा?

मौर्य बोले- 2027 में फिर खिलेगा कमल

मौर्य ने चेतावनी देते हुए कहा, तुष्टीकरण में डूबी सपा कान खोलकर सुन ले, जय श्रीराम भी गूंजेगा और राधे-राधे भी। उन्होंने दावा किया, 2027 में सत्ता में लौटने का सपाइयों का सपना फिर टूटेगा और उत्तर प्रदेश में फिर एक बार कमल खिलेगा। इससे पहले सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा के नारे राधे-राधे कमल खिला दे पर तंज कसा था। उन्होंने कहा कि भाजपा वालों ने दो दिन की मथुरा की बैठक के बाद यह नारा बनाया और उनको पता है कि कमल मुरझा रहा है, इसलिए वे राधे-राधे कर रहे हैं और यह नारा लगा रहे हैं।

अखिलेश यादव ने राधे-राधे बोलकर बीजेपी पर मारा था तंज

सपा प्रमुख ने अपने व्यंग्य को धार देते हुए कहा कि हमारे यहां तो विदाई के समय ही राधे-राधे कहा जाता है और इसका मतलब है कि भाजपा की विदाई होने जा रही है। यादव ने यह दावा भी किया कि इस बार उप्र की जनता उनकी भाजपा की शानदार विदाई करने जा रही है। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने 16 और 17 नवंबर को मथुरा में चिंतन शिविर का आयोजन किया था, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी अंतिम दिन शामिल हुए थे। इस बैठक में पार्टी ने राधे-राधे, कमल खिला दे के नारे के साथ अपने धार्मिक और वैचारिक एजेंडे को धार देने का प्रयास किया।

'तीसरी बार यूपी में बनेगी भाजपा की सरकार'

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने मथुरा में पत्रकारों को बताया था कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर जब सुबह की बैठक शुरू हुई तो सबने राधे-राधे, कमल खिला दे उद्घोष के साथ इसकी शुरुआत की। चौधरी ने कहा कि 2017 में भाजपा की जो जीत हुई थी, वह ऐतिहासिक है और अब तीसरी बार फिर भाजपा की राज्य में सरकार बनेगी। इससे प्रदेश की सियासत गरमा गई।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article