लाइफस्टाइल

बाजार वाली पालक भूल जाइए, गमले में ऐसे उगाएं सालभर ताजी पालक; यहां जानें पालक बोने का तरीका

How to grow spinach at home (घर पर गमले में पालक कैसे उगाएं): थोड़ी-सी जगह, एक गमला, मुट्ठी भर बीज और नियमित देखभाल। बस इतना करके आप घर में अपनी ताजी और हरी पालक उगा सकते हैं।

Image

घर पर गमले में पालक कैसे उगाएं (Photo: iStock)

How to grow spinach at home (घर पर गमले में पालक कैसे उगाएं): पालक ऐसी हरी सब्जी है, जिसे उगाने के लिए न बड़े खेत की जरूरत है और न ही बहुत ज्यादा मेहनत की। घर की बालकनी, छत या छोटी-सी जगह में रखा एक गमला भी इसके लिए काफी है। अगर गमले में सही मिट्टी, पर्याप्त नमी और मौसम का ध्यान रखा जाए तो आप बाजार से पालक खरीदने की जरूरत काफी हद तक कम कर सकते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि पालक को बीज से सीधे गमले में उगाया जा सकता है।

पालक किस महीने में बोना चाहिए?

पालक ठंडे मौसम में अच्छी तरह बढ़ने वाली सब्जी है। भारत के कई हिस्सों में इसकी बुआई के लिए सितंबर से नवंबर का समय अच्छा माना जाता है। गमले में पालक उगाते समय बहुत ज्यादा गर्मी से बचना चाहिए। तेज गर्मी में बीज का अंकुरण प्रभावित हो सकता है और पौधा जल्दी फूल देने लग सकता है। इसलिए ठंडे या हल्के मौसम में इसकी बढ़वार बेहतर होती है।

पालक बोने का सही तरीका

इसके लिए ऐसा गमला चुनें जिसमें नीचे पानी निकलने के लिए छेद जरूर हों। पालक की जड़ों को फैलने के लिए करीब 8-10 इंच गहराई वाला गमला पर्याप्त रहेगा। इसके बाद मिट्टी तैयार करें। सामान्य मिट्टी में अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद या कम्पोस्ट और थोड़ी कोकोपीट मिलाई जा सकती है। मिट्टी भुरभुरी और पानी की निकासी वाली होनी चाहिए।

गमले की मिट्टी को पहले हल्का गीला कर लें। इसके बाद पालक के बीजों को बहुत गहराई में न डालें। करीब 1 से 1.5 सेंटीमीटर गहराई पर्याप्त है। बीजों को हल्की दूरी पर डालें और ऊपर से मिट्टी की बहुत पतली परत बिछा दें। बीजों को बहुत गहराई में दबाने से अंकुरण प्रभावित हो सकता है।

बीज कितने दिन में अंकुरित होता है?

अच्छी नमी और अनुकूल तापमान मिलने पर पालक के बीज आमतौर पर 7 से 10 दिन में अंकुरित होने लगते हैं। हालांकि तापमान, बीज की गुणवत्ता और मिट्टी की नमी के हिसाब से यह समय थोड़ा कम-ज्यादा हो सकता है। बहुत ज्यादा गर्म मिट्टी में पालक के बीजों का अंकुरण कमजोर पड़ सकता है। इस दौरान गमले को ऐसी जगह रखें जहां पर्याप्त रोशनी मिले, लेकिन बहुत तेज दोपहर की गर्मी से पौधा बचा रहे।

पालक बोने के कितने दिन बाद पानी दें?

यहां एक जरूरी बात समझनी चाहिए। पालक बोने के बाद पानी देने के लिए कई दिन इंतजार नहीं करना है। बीज बोने के बाद मिट्टी को हल्के तरीके से नम रखना जरूरी है। पहली सिंचाई बुआई के समय ही हल्की फुहार से करें। इसके बाद मिट्टी की ऊपरी परत सूखने लगे तो दोबारा हल्का पानी दें।

गमले में पानी भर देना सही तरीका नहीं है। ज्यादा पानी से जड़ों में हवा की कमी हो सकती है और पौधों में बीमारी का खतरा बढ़ सकता है। आईसीएआर भी गमलों में हल्की लेकिन नियमित सिंचाई और जलभराव से बचने की सलाह देता है।

कब काट सकते हैं अपनी पालक?

जब पौधे अच्छी तरह बढ़ने लगें और पर्याप्त पत्तियां निकल आएं, तो बड़ी बाहरी पत्तियों को धीरे-धीरे तोड़ा जा सकता है। पूरी पौध उखाड़ने के बजाय बाहरी पत्तियां काटने से अंदर की नई पत्तियों को बढ़ने की जगह मिलती रहती है।

कुल मिलाकर थोड़ी-सी जगह, एक गमला, मुट्ठी भर बीज और नियमित देखभाल। बस इतना करके आप घर में अपनी ताजी और हरी पालक उगा सकते हैं।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article