दुनिया

US Iran Peace Deal: 'अमेरिका के साथ कोई डील नहीं, रेड लाइन्स से नहीं करेंगे कोई समझौता', ईरान ने ट्रंप के दावे को बताई महज अटकलें

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के बीच एक ऐतिहासिक शांति समझौते (US-Iran Peace Deal) को लेकर विरोधाभासी बयान सामने आने से वैश्विक राजनीति में सस्पेंस गहरा गया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने ओवल ऑफिस से एलान किया कि ईरान के साथ एक "बड़ा समझौता" लगभग फाइनल हो चुका है, जिसके तहत ईरान कभी परमाणु हथियार नहीं बना पाएगा। ट्रंप के मुताबिक, इस वीकेंड यूरोप में इस पर हस्ताक्षर हो सकते हैं, जिसमें अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस शामिल होंगे और इस डील के बाद 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' खुलने से तेल की कीमतें गिरेंगी।

Image

ईरान ने अमेरिका के साथ समझौते को महज अटकलों का नाम दिया है। AP

Photo : AP

US Iran Peace Deal: ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समझौते वाले दावे को नकार दिया है। दरअसल, ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका-ईरान के बीच लंबे वक्त से चल रहे विवाद को जल्द समाप्त कर दिया जाएगा। वहीं, उन्होंने दावा किया था कि इस हफ्ते के अंत में समझौते पर हस्ताक्षर हो सकते हैं, लेकिन ईरान ने ट्रंप के दावे को महज कयासबाजी और अटकलों का नाम दिया है।

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई (Esmail Baghaei) ने सरकारी समाचार एजेंसी IRNA से बात करते हुए स्पष्ट किया कि तेहरान ने अभी तक किसी भी समझौते पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है।

ईरान ने अभी तक कोई फैसला नहीं लिया: इस्माइल बघाई

हालांकि, उन्होंने यह जरूर स्वीकार किया कि कतर और पाकिस्तान इस पूरे मामले में मध्यस्थ (Mediators) के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और बातचीत के टेक्स्ट का एक बड़ा हिस्सा पहले ही तैयार हो चुका था। लेकिन इसके साथ ही बघाई ने आरोप लगाया कि अमेरिकी प्रशासन बार-बार अपना रुख बदल रहा है, जिसके कारण राजनयिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

ईरान 'रेड लाइन्स' से नहीं करेगा कोई समझौता

ईरान ने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी है कि वह अपनी 'रेड लाइन्स' (Red Lines) यानी अपनी सुरक्षा और संप्रभुता से कोई समझौता नहीं करेगा। ईरान ने यह भी कहा कि अमेरिकी हरकतों और सैन्य दखल की वजह से ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का क्षेत्र पहले के मुकाबले कम सुरक्षित हुआ है। दोनों देशों के इन विरोधाभासी बयानों के बाद अब वैश्विक राजनीति में इस महा-समझौते को लेकर सस्पेंस और गहरा गया है।

ट्रंप ने क्या-क्या कहा था?

ट्रंप ने ओवल ऑफिस से एक बड़ा एलान करते हुए दावा किया है कि ईरान के साथ एक "बड़ा समझौता" (Great Settlement) लगभग फाइनल हो चुका है, जिसके दस्तावेजों को अगले कुछ दिनों में अंतिम रूप दे दिया जाएगा। ट्रंप के मुताबिक, इस समझौते पर इसी वीकेंड यूरोप में हस्ताक्षर हो सकते हैं, जिसमें उनकी तरफ से अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (JD Vance) शामिल होंगे।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article