दुनिया

जंग पर उतारू पाकिस्तान, अमेरिका ने अपने नागरिकों को दिया लाहौर छोड़ने का निर्देश, जारी की एडवाइजरी

लाहौर और उसके आस-पास ड्रोन विस्फोट, हवाई क्षेत्र में खतरे के कारण लाहौर में अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास ने सभी वाणिज्य दूतावास कर्मियों को सुरक्षित स्थानों पर रहने का निर्देश दिया है।

Image

लाहौर में धमाके (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : PTI

US Consulate General Advisory: पहलगाम हमले के बाद भारत के ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाया पाकिस्तान अब जंग पर उतारू है। पाकिस्तान ने भारत में कई जगहों पर हमले की कोशिश की जिसे भारत ने पूरी तरह नाकाम कर दिया। पाकिस्तान की आक्रामकता के कारण लाहौर जंग का मैदान बनता जा रहा है। हालात ये हैं कि अब अमेरिका को भी अपने नागरिकों को सावधानी बरतने और शहर छोड़ने का निर्देश देना पड़ा है। अमेरिका ने अपने कांसुलेट को निर्देश जारी किया है कि संभावित खतरे के मद्देनजर कर्मचारी सुरक्षित स्थानों पर चलें जाएं या शहर छोड़ दें।

ड्रोन धमाकों के मद्देनजर निर्देश

लाहौर और उसके आस-पास ड्रोन विस्फोट, हवाई क्षेत्र में खतरे के कारण लाहौर में अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास ने सभी वाणिज्य दूतावास कर्मियों को सुरक्षित स्थानों पर रहने का निर्देश दिया है। वाणिज्य दूतावास को शुरुआती रिपोर्ट भी मिली है कि अधिकारी लाहौर के मुख्य हवाई अड्डे से सटे कुछ इलाकों को खाली करा सकते हैं।

पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास और वाणिज्य दूतावास ने कहा है कि संघर्ष वाले क्षेत्र में अमेरिकी नागरिकों का अगर सुरक्षित तरीके से निकल पाना संभव हो तो वहां से निकल जाना चाहिए। अगर वहां से निकलना सुरक्षित नहीं है तो उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ही रहना चाहिए।

लाहौर में हुए धमाके, फैली दहशत

बता दें कि आज पाकिस्तान के लाहौर में धमाके हुए। पाकिस्तानी न्यूज चैनल जियो टीवी और रॉयटर्स के एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, पाकिस्तान के पूर्वी शहर लाहौर में गुरुवार सुबह विस्फोट की आवाज सुनी गई। रिपोर्ट्स की मानें तो तीन धमाके हुए जिसके बाद से पूरे लाहौर में हड़कंप मच गया।

लाहौर के गोपाल नगर और नसीराबाद इलाके में वाल्टन रोड पर वाल्टन एयरपोर्ट के पास कई धमाके सुने गए। लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और बताया कि उन्हें धुएं का गुबार दिखाई दिया। पुलिस और बचाव दल वाल्टन रोड पर पहुंचा। लोगों को धमाके वाली जगह पर जाने से रोक दिया गया। इसके साथ ही पूरे पाक में एयरस्पेस को बंद कर दिया गया। लाहौर पुलिस के मुताबिक लाहौर के वाल्टन रोड पर जोरदार धमाका हुआ। करीब तीन ब्लास्ट हुए। धमाकों की वजह और जानमाल के नुकसान का पता नहीं चल पाया है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article