Merchant Vessels struck : खाड़ी के समुद्र में तेल टैंकरों पर हमले बढ़ने के बाद ब्रिटेन के मैरिटाइम ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (UKMTO) ने देशों के लिए चेतावनी जारी की है। अपनी चेतावनी में UKMTO ने गुरुवार को कहा कि आने वाले समय में ऑयल टैंकरों पर हमले बढ़ सकते हैं और इसे लेकर देशों को सतर्क रहने की जरूरत है। अपने X पोस्ट्स में UKMTO ने फारस की खाड़ी सहित अन्य सामुद्रिक रास्तों पर तेल टैंकरों पर हुए हमले का जिक्र किया है। अपने पोस्ट में उसने कहा है कि इराक में अल बसरा से 5 नॉटिकल मील की दूरी पर एक घटना हुई। यहां तेल के दो टैंकरों पर हमले हुए हैं।
UKMTO की चेतावनी-सतर्कता बरतें ऑयल टैंकर
रिपोर्टों में हमले का शिकार हुई कंपनी के सेक्युरिटी ऑफिसर के हवाले से कहा गया है कि तेल टैंकरों को निशाना बनाए जाने के बाद हालात और 'खतरनाक' हो गए हैं। अधिकारी ने कहा कि हमले के बाद जहाज में आग लग गई। हालांकि, चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों ने दूसरे टैंकर पर भी हुए हमले की पुष्टि की है। दूसरे जहाज के भी सीएसओ ने बताया कि टैंकर पर हमला हुआ और इस हमले से उसमें आग लग गई। खाड़ी के समुद्र में तेल टैंकरों पर हुए हमले को देखते हुए UKMTO ने अपनी चेतावनी में कहा है कि 'जहाजों को आगे बढ़ते समय सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधि के बारे में रिपोर्ट करने की सलाह दी जाती है।'
UAE के समीप टैंकर को बनाया निशाना-रिपोर्ट
UKMTO ने आगे कहा है कि संयुक्त अरब अमीरात के जबेल अली से 35 नॉटिकल मील दूर एक जहाज पर हमला होने की खबर है। रिपोर्ट में कहा गया है कि शिप मास्टर ने बताया कि कंटेनर शिप पर एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ और इसके बाद जहाज पर आग लग गई। इस जहाज के चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
यूएस के मालिकाना हक वाले टैंकर पर हमला
इससे पहले फारस की खाड़ी में बसरा के दक्षिणी इलाके में बुधवार को दो तेल टैंकरों पर हमला होने की रिपोर्ट आई। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक तेल टैंकरों पर हुए विस्फोट में कम से कम एक व्यक्ति के मारे जाने की बात कही गई है। समझा जा रहा है कि तेल टैकरों पर ये हमला ईरान की तरफ से किया गया है। तेल टैंकरों पर इस हमले के बाद इस समुद्री मार्ग से गुजरने वाले तेल टैंकरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। हमले में यूएस के टैंकर 'सेफसी विष्णु' को निशाना बनाया गया है। सेफसी विष्णु का रजिस्टर्ड मालिक US की कंपनी सेफसी ट्रांसपोर्ट इंक है जबकि जफिरोस का मालिकाना हक ग्रीस की एक कंपनी के पास है। सेफसी ट्रांसपोर्ट ने इस हमले पर अभी कोई जवाब नहीं दिया है।
