अमेरिका के नागरिक उड्डयन क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने देशव्यापी स्तर पर सभी विमानों की उड़ानों को तुरंत प्रभाव से रोक दिया। क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सेंटरों में आई अचानक और गंभीर संचार समस्या के कारण यह कदम उठाया गया है। FAA द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, सुरक्षा कारणों और "असाधारण परिस्थितियों" के तहत राष्ट्रव्यापी ग्राउंड स्टॉप लागू किया गया है। 11 सितंबर 2001 के आतंकवादी हमलों और जनवरी 2023 के कंप्यूटर सिस्टम सिंड्रोम के बाद अमेरिकी इतिहास में यह तीसरा मौका है जब पूरे देश में उड़ानों को इस तरह एक साथ रोकना पड़ा है।
11,000 उड़ानें और 15 लाख से अधिक यात्री प्रभावित
इस अचानक लिए गए फैसले का असर अमेरिका भर के हवाई अड्डों और लाखों यात्रियों पर पड़ा है। एविएशन एनालिटिक्स कंपनी 'सिरियम' के अनुसार, FAA के आदेश के तुरंत बाद कम से कम 600 उड़ानों को हवा में ही डायवर्ट करना पड़ा। इनमें से 496 विमानों को वापस उन्हीं एयरपोर्ट्स पर उतारा गया जहां से उन्होंने उड़ान भरी थी, जबकि 104 विमानों को निकटतम दूसरे हवाई अड्डों पर सुरक्षित लैंड कराया गया। शिकागो ओ'हारे, डेनवर इंटरनेशनल, डलास फोर्ट वर्थ और रोनाल्ड रीगन वाशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट पर सबसे ज्यादा प्रभाव देखा गया, जहां टर्मिनल पर यात्रियों का सैलाब उमड़ पड़ा। शुक्रवार शाम तक लगभग 11,000 scheduled उड़ानों के उड़ान भरने की योजना थी, जिससे 15 लाख से अधिक यात्रियों का सफर अधर में अटक गया।
'साइबर हमले का संकेत नहीं, महज टेलीकॉम आउटेज'
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अमेरिकी प्रशासन तुरंत हरकत में आया। अमरीकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने बताया कि समस्या देश भर के 22 क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों को जोड़ने वाली संचार लाइनों में आई है। उन्होंने कहा कि FAA के विशेषज्ञ और इंजीनियर लगातार इस समस्या के कारणों की जांच कर रहे हैं। होमलैंड सिक्योरिटी सचिव मार्कवेन मुलिन ने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, "फिलहाल ऐसा कोई संकेत या सबूत नहीं मिला है कि यह कोई दुर्भावनापूर्ण या आतंकवादी हमला था। यह प्राथमिक रूप से एक बड़ा टेलीकम्यूनिकेशन आउटेज है। सभी यात्री सुरक्षित हैं और अपनों की सुरक्षा को लेकर चिंतित होने की जरूरत नहीं है।"
क्यों ठप हुई अमेरिका की हवाई प्रणाली?
विशेषज्ञों और पूर्व पायलटों के अनुसार, यह संकट अमेरिकी एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम के पुराने और जर्जर इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण खड़ा हुआ है। एविशन एक्सपर्ट स्टीव अरायो ने बताया कि अगर क्षेत्रीय कंट्रोल सेंटरों के पास हवा में उड़ रहे विमानों से लगातार संपर्क साधने की क्षमता नहीं रहती, तो सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमानों को जमीन पर रोकना ही एकमात्र विकल्प बचता है ताकि हवा में टक्कर जैसी त्रासदी से बचा जा सके। गौरतलब है कि अमेरिकी कांग्रेस ने हाल ही में FAA के पुराने सिस्टम को अपग्रेड करने, कॉपर वायर की जगह ऑप्टिकल फाइबर बिछाने और नए रेडियो सिस्टम लगाने के लिए $12.5 बिलियन मंजूर किए थे। हालांकि, परिवहन विभाग का कहना है कि इस आधुनिकीकरण को पूरा करने के लिए $30 बिलियन से अधिक के अतिरिक्त बजट की जरूरत है।
यात्रियों में अनिश्चितता, बहाल होने में लग सकता है समय
ग्राउंड स्टॉप के कारण पूरे अमेरिका के एयरपोर्ट्स पर अफरा-तफरी का माहौल है। सप्ताह के अंत (Weekend) में अपने घरों, शादियों या छुट्टियों पर जा रहे हजारों यात्री टर्मिनलों पर फंसे हुए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक संचार व्यवस्था 100% सुरक्षित और स्थिर नहीं हो जाती, तब तक नियमित उड़ानों को फिर से शुरू करने की कोई निश्चित समय-सीमा जारी नहीं की जा सकती।
