West Asia Conflict: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रविवार को अचानक हवाई हमलों के साजरन बजने लगे और एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय हो गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यूएई में तेहरान की तरफ से मिसाइलों को आते हुए देखा गया।
तेल साइट पर लगी आग
यूएई ने दावा किया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने मिसाइलों को इंटरसेप्ट किया, जबकि एक ड्रोन हमले से तेल साइट में आग लग गई। यूएई के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, देश की एयर डिफेंस सिस्टम इस समय ईरान से आने वाले मिसाइल हमलों और ड्रोन को निष्क्रिय करने में जुटा हुआ है। बताया गया है कि ड्रोन हमले की वजह से एक तेल साइट पर आग लग गई, हालांकि, हालात पर काबू पाने की कोशिश जारी है।
यह मिसाइल और ड्रोन हमला उस समय हुआ, जब कुछ समय पहले अमेरिकी सेना द्वारा यह घोषणा की गई कि दो व्यापारिक जहाज होर्मुज से गुजरे थे।
मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी बयान में कहा, ''देश के विभिन्न हिस्सों में जो आवाजें सुनी गईं, वे यूएई की वायु रक्षा प्रणाली द्वारा बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज़ मिसाइलों और ड्रोन को निष्क्रिय किए जाने का परिणाम हैं।''
3 भारतीय घायल
फुजैराह मीडिया ऑफिस के मुताबिक, फुजैराह के पेट्रोलियम इंडस्ट्रियल साइट पर हुए ड्रोन हमले में तीन भारतीय घायल हो गए हैं। इस हमले के लिए ईरान को ज़िम्मेदार ठहराया जा रहा है।
होर्मुज से गुजरे दो जहाज
अमेरिकी सेना ने सोमवार को दावा किया कि अमेरिका के झंडे वाले दो वाणिज्यिक जहाज "होर्मुज जलडमरूमध्य से सफलतापूर्वक गुजरे हैं।" इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिकी नौसेना होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे अन्य देशों के पोतों को सुरक्षित निकालने में सोमवार से मदद करेगी। साथ ही ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी थी कि इस प्रक्रिया में किसी भी तरह के हस्तक्षेप से सख्ती से निपटा जाएगा।
