स्पोर्ट्स

Asian Games 2026: तेजस्विन शंकर ने डेकाथलन और हरिता भद्रा ने महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में जीता कांसा

एशियाई खेलों के आठवें दिन भारतीय ट्रैक एवं फील्ड के स्टार खिलाड़ी तेजस्विन शंकर और महिला धावक हरिता भद्रा ने 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर भारत के पदकों की संख्या में इजाफा कर दिया।

Image

तेजस्विन शंकर

नागोया: भारतीय ट्रैक एवं फील्ड के स्टार खिलाड़ी तेजस्विन शंकर ने रविवार को एशियाई खेलों की पुरुष डेकाथलन स्पर्धा में और हरिता भद्रा ने महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता। तजस्विन शंकर ने बेहद चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिता की अंतिम स्पर्धा 1500 मीटर दौड़ में जीत दर्ज करके यह पदक हासिल किया। तेजस्विन ने 7,934 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

दो दिन में हुई दस स्पर्धाओं में कुल मिलाकर रहे तीसरे पायदान पर

राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक तेजस्विन ने 100 मीटर, लंबी कूद, गोला फेंक, ऊंची कूद और 400 मीटर में शानदार प्रदर्शन के दम पर पहले दिन 4,338 अंक जुटाए थे और दूसरे दिन की शुरुआत शीर्ष स्थान से की थी। दो दिन में हुई 10 स्पर्धाओं में तेजस्विन ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आखिर के लिए बचाकर रखा। उन्होंने 1500 मीटर दौड़ चार मिनट 33.09 सेकेंड में पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। इस साल उन्होंने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भी कांस्य पदक जीता था। साल 2023 में एशियाई खेलों में उन्होंने पुरुष डेकाथलन स्पर्धा का सिल्वर मेडल अपने नाम किया था।

महिलाओं की 200 मीटर रेस में तीसरे स्थान पर रहीं हरिता

वहीं हरिता भद्रा ने महिलाओं की 200 मीटर दौड़ के फाइनल में 23.20 सेकेंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता। भद्रा जापान की इडो अबिगेइरुफुका से ठीक आगे तीसरे स्थान पर रहीं। इडो ने 23.21 सेकेंड का समय निकाला। सिंगापुर की शांति परेरा ने सत्र के सर्वश्रेष्ठ 22.78 सेकेंड के समय से स्वर्ण पदक जीता जबकि चीन की चेन युजी ने 22.93 सेकेंड के समय से रजत पदक जीता। फाइनल में शामिल दूसरी भारतीय उन्नति अयप्पा बोलैंड 23.48 सेकेंड के समय के साथ छठे स्थान पर रहीं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article