Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच हवाई हमले तेज हो गए हैं। शनिवार (स्थानीय समय) को दोनों ओर से हुए हमलों में कुल 10 लोगों की जान चली गई। एक तरफ जहां रूस ने यूक्रेन के कई शहरों पर मिसाइल और ड्रोन बरसाए। वहीं दूसरी तरफ यूक्रेन ने भी लंबी दूरी के ड्रोनों से रूसी तेल रिफाइनरियों और औद्योगिक ठिकानों पर हमला किया। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ जल्द समझौता करने की अपील की है।
यूक्रेन में रूसी हमलों से चार लोगों की मौत
यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, रूस ने शनिवार को कीव, जापोरिज्जिया, सूमी और खारकीव समेत कई इलाकों को निशाना बनाया। जापोरिज्जिया में एक घर के मलबे के नीचे दबने से दो महिलाओं की मौत हो गई। सूमी शहर में भी रूसी हमले में दो लोगों की जान गई। कीव क्षेत्र के बोरीस्पिल में रूसी ड्रोन हमले के बाद एक गोदाम में आग लग गई, जिसमें दो लोग घायल हुए। राजधानी कीव के कई इलाकों में भी ड्रोन हमलों की सूचना मिली है। अधिकारियों के अनुसार, यहां चार लोग घायल हुए और रिहायशी व कार्यालय की इमारतों को नुकसान पहुंचा।
रूस का दावा- डेटा सेंटर को हुआ नुकसान
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि कीव पर किए गए हमले में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं और स्टारलिंक सैटेलाइट कम्युनिकेशन से जुड़े एक डेटा सेंटर को नुकसान पहुंचा है। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि रूस रोजाना हमलों को और तेज कर रहा है। उन्होंने कीव और जापोरिज्जिया के रिहायशी इलाकों समेत कई स्थानों पर हुए हमलों का जिक्र करते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से रूस के खिलाफ मजबूत प्रतिक्रिया की अपील की।
यूक्रेन के ड्रोन हमले में रूस में तीन की मौत
दूसरी ओर, यूक्रेन ने भी रूस के तेल रिफाइनरी और औद्योगिक ठिकानों को लंबी दूरी के ड्रोन से निशाना बनाया। रूस के क्रास्नोडार क्षेत्र में यूक्रेनी ड्रोन हमले में तीन लोगों की मौत और दो के घायल होने की जानकारी स्थानीय अधिकारियों ने दी। क्षेत्रीय गवर्नर वेनियामिन कोंद्रात्येव के अनुसार, हमले के बाद दो औद्योगिक परिसरों में आग लग गई। जेलेंस्की ने बाद में कहा कि यूक्रेनी हमले में क्षेत्र की इल्स्की ऑयल रिफाइनरी को नुकसान पहुंचा है। रूसी सरकारी मीडिया के अनुसार, रूस के कब्जे वाले यूक्रेन के जापोरिज्जिया क्षेत्र में भी यूक्रेनी हमलों में तीन लोगों की मौत हुई।
ट्रंप ने जेलेंस्की से पुतिन के साथ समझौते की अपील की
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान जेलेंस्की के साथ हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि यूक्रेनी राष्ट्रपति पुतिन के साथ समझौता करें। ट्रंप ने कहा, “मैं चाहता हूं कि वह समझौता करें। मैं चाहता हूं कि वह पुतिन के साथ समझौता करें और मैं चाहता हूं कि पुतिन भी उनके साथ समझौता करें।” उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों पक्ष निकट भविष्य में, शायद भारी सर्दियों शुरू होने से पहले, किसी समझौते तक पहुंच सकते हैं।
युद्ध खत्म करने की कोशिशों के बीच जारी हैं हमले
जेलेंस्की ने संयुक्त राष्ट्र में रूस पर प्रतिबंध और व्यापारिक पाबंदियों के जरिए उसके राजस्व को कम करने की अपील की थी। उनका कहना है कि इससे रूस को युद्ध जारी रखने के लिए मिलने वाले संसाधनों पर प्रभाव पड़ेगा। हालांकि, लंबे समय से जारी कूटनीतिक प्रयासों के बावजूद रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म करने को लेकर अब तक कोई निर्णायक समझौता नहीं हो सका है। दोनों पक्षों के बीच हमले भी लगातार जारी हैं।
