शहर

बिहार के पूर्वी चंपारण में युवक गिरफ्तार, पाकिस्तानी आतंकवादियों से संपर्क का आरोप; वित्तीय लेनदेन की हो रही जांच

Bihar News: बिहार में पाकिस्तान के एक आतंकी नेटवर्क से कथित संबंध होने के आरोप में 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में युवक ने अली गुर्जर के संपर्क में होने की बात स्वीकारी।

Image

पाकिस्तानी आतंकवादियों से संबंध के आरोप में युवक गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Bihar News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पाकिस्तान के एक आतंकी नेटवर्क से कथित संबंध होने के आरोप में 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि सेराज आलम को शनिवार रात ढाका थाना क्षेत्र के बिसरहिया गांव के पास से गिरफ्तार किया गया।

समाचार एजेंसी पीटीआई ने जिला पुलिस की ओर से जारी बयान के हवाले से बताया कि सेराज आलम के मोबाइल फोन की जांच के दौरान आतंकी गतिविधियों से संबंधित वीडियो, तस्वीरें और कथित 'राष्ट्र-विरोधी रील' मिली हैं।

सोशल मीडिया के जरिए संपर्क का दावा

पुलिस ने दावा किया कि पूछताछ के दौरान सेराज आलम ने सोशल मीडिया के माध्यम से अली गुर्जर के संपर्क में होने की बात स्वीकार की। बकौल पुलिस, अली गुर्जर के पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से कथित संबंध हैं। हालांकि, संपर्क की वास्तविक प्रकृति और उसकी भूमिका को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है।

शहजाद भट्टी से जुड़े कथित मॉड्यूल के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियां पहले भी कार्रवाई कर चुकी हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब आरोपी के मोबाइल फोन में मौजूद डिजिटल सामग्री, सोशल मीडिया चैट और संपर्कों की गहनता से जांच कर रही है।

यात्रा और वित्तीय लेनदेन की जांच

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी के यात्रा विवरण, सोशल मीडिया गतिविधियों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, वित्तीय लेनदेन के माध्यमों और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों का विश्लेषण किया जा रहा है।

अधिकारी के मुताबिक, पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मामले में युवक के और कौन-कौन से सहयोगी हो सकते हैं और उसका कथित नेटवर्क से किस स्तर तक संपर्क था। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article