Russia-Ukraine Conflict: मास्को और कीव के बीच हवाई हमले बढ़ने के बाद बीते 24 घंटों के दौरान 10 लोगों के मारे जाने की सूचना है। रूस ने यूक्रेन पर क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलों, शक्तिशाली ग्लाइड बमों और जेट-पावर्ड ड्रोन से जबरदस्त हमले किए हैं, जबकि अग्रिम मोर्चे पर उसकी बढ़त धीमी पड़ गई है। यह सब मास्को द्वारा अपने पड़ोसी देश पर बड़े पैमाने पर हमला शुरू करने के लगभग साढ़े चार साल बाद हो रहा है।
'हर दिन हमले तेज कर रहा रूस'
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार सुबह लिखा, "यह जरूरी है कि हमारे सहयोगी यह न भूलें: रूस हर दिन हमले तेज कर रहा है। अगर रूस ने अपने हमलों को और भी बेरहम बनाने का फैसला किया है, तो दुनिया को भी युद्ध को और फैलने से रोकने के लिए ज्यादा कड़े जवाब देने होंगे।"
रिहाइशी इमारतों पर हो रहे हमले
उन्होंने कीव और जापोरिज्जिया शहरों, और ओडेसा, सुमी और खारकीव इलाकों में "रिहायशी इमारतों पर कई हमलों" का जिक्र किया। जापोरिज्जिया के क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन ने बताया कि क्षेत्र में दो महिलाओं की मौत घर के मलबे के नीचे दबने से हो गयी। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि सुमी शहर पर रूस के एक अलग हमले में भी दो लोगों की मौत हो गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: ट्रंप ने ईरान की उम्मीदों पर फेरा पानी! फिर से होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के प्रस्ताव को ठुकराया
इस बीच, यूक्रेन के लंबी दूरी के ड्रोन ने रूस की तेल रिफाइनरियों और कारोबारों को निशाना बनाया है। स्थानीय अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि दक्षिणी क्रास्नोडार इलाके में यूक्रेन के ड्रोन हमले में तीन लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। रूसी सरकारी मीडिया के अनुसार, मास्को द्वारा नियुक्त क्षेत्रीय प्रमुख येवगेनी बालित्स्की ने शनिवार को कहा कि रात में रूस के कब्जे वाले यूक्रेन के जापोरिज्जिया क्षेत्र के यूक्रेनी हमलों में तीन लोग मारे गए।
