Turkey Yildirimhan ICBM: ग्लोबल मंच और रक्षा समीकरणों को पूरी तरह से बदलने वाले एक बड़े घटनाक्रम में, तुर्की ने अपनी पहली स्वदेशी अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) 'यिल्दिरिमहान' (Yildirimhan) को दुनिया के सामने पेश कर दिया है। इस्तांबुल में आयोजित 'SAHA 2026 इंटरनेशनल डिफेंस एक्सपो' में जब इस मिसाइल का मॉडल प्रदर्शित किया गया, तो पश्चिमी देशों से लेकर मध्य पूर्व (Middle East) तक हड़कंप मच गया।
इस मिसाइल के साथ ही तुर्की अब दुनिया के उन चुनिंदा एलीट देशों के क्लब (जैसे अमेरिका, रूस, चीन, भारत, फ्रांस, ब्रिटेन, इजरायल और उत्तर कोरिया) में शामिल होने का दावा कर रहा है, जिनके पास महाद्वीपों के पार हमला करने की क्षमता है।
क्या है 'यिल्दिरिमहान' मिसाइल? (What is Yildirimhan Missile)
यिल्दिरिमहान तुर्की के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय के रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) सेंटर द्वारा गुप्त रूप से विकसित किया जा रहा एक बेहद महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। करीब 18 मीटर लंबी यह मिसाइल पूरी तरह से तुर्की की आत्मनिर्भर रक्षा नीति का प्रतीक है। तुर्की के रक्षा मंत्री यासर गुलर ने इसे देश के इतिहास की सबसे लंबी दूरी की मारक प्रणाली बताया है।
यिल्दिरिमहान मिसाइल के घातक फीचर्स और मारक क्षमता ( Lethal Features and Striking Capability)
यिल्दिरिमहान के जो तकनीकी स्पेसिफिकेशन्स सामने आए हैं, वे किसी भी आधुनिक मिसाइल डिफेंस सिस्टम (जैसे अमेरिका का पैट्रियट या रूस का S-400) को फेल करने का दम रखते हैं, ऐसा दावा किया जा रहा है।
- मिसाइल का प्रकार-अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM)/हाइपरसोनिक क्षमता
- कुल मारक क्षमता (Range)-6,000 किलोमीटर (यानी तीन महाद्वीप- यूरोप, एशिया और अफ्रीका इसके दायरे में)
- अधिकतम रफ्तार (Speed)-मैक 9 से मैक 25 (लगभग 11,000 से 31,000 किमी/घंटा)
- पेलोड क्षमता (Warhead)-3,000 किलोग्राम (3 टन) तक भारी विस्फोटक ले जाने में सक्षम
- ईंधन का प्रकार (Fuel)-लिक्विड रॉकेट फ्यूल (Liquid Nitrogen Tetroxide Propellant)
- इंजन प्रणाली-चार शक्तिशाली रॉकेट इंजनों द्वारा संचालित
इस मिसाइल की बड़ी खासियतें (Biggest Features of Yildirimhan Missile)
हाइपरसोनिक रफ्तार और चकमा देने की कला
अंतरिक्ष से वापस आते समय यह मिसाइल मैक 25 की अविश्वसनीय गति पकड़ सकती है। इसके साथ ही यह हवा में ही अचानक रास्ता बदलने में सक्षम है, जिससे दुनिया का कोई भी रडार या एयर डिफेंस सिस्टम इसे इंटरसेप्ट नहीं कर पाएगा।
विशाल पेलोड क्षमता
3,000 किलोग्राम का पेलोड ले जाने की क्षमता इसे दुनिया की सबसे विनाशकारी मिसाइलों की कतार में खड़ा करती है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी बड़ी क्षमता का इस्तेमाल पारंपरिक हथियारों के साथ-साथ भविष्य में परमाणु हथियारों (Nuclear Warheads) को ले जाने के लिए भी किया जा सकता है।
पूर्ण स्वदेशी आत्मनिर्भरता
तुर्की ने इस मिसाइल के लिक्विड-फ्यूल प्रोपेलेंट्स और इंजन का निर्माण घरेलू स्तर पर किया है। इसका मतलब है कि कोई भी विदेशी सप्लायर प्रतिबंध लगाकर तुर्की के इस प्रोग्राम को नहीं रोक सकता।
जब मध्य पूर्व में तनाव चरम पर है...
यिल्दिरिमहान का अनावरण ऐसे समय में हुआ है जब मध्य पूर्व में तनाव चरम पर है। रक्षा विश्लेषकों का मानना है कि तुर्की का यह कदम केवल अपनी रक्षा के लिए नहीं है, बल्कि वह नाटो (NATO) से अलग हटकर अपनी स्वतंत्र सैन्य धाक जमाना चाहता है। इस मिसाइल की 6,000 किमी की रेंज का मतलब है कि पूरा यूरोप, रूस, भारत और इजरायल इसके सीधे निशाने पर आ चुके हैं।
क्या तुर्की की परमाणु महात्वाकांक्षा का संकेत?
विशेषज्ञों का कहना है कि सिर्फ पारंपरिक बारूद गिराने के लिए इतनी महंगी और लंबी दूरी की ICBM मिसाइल बनाना आर्थिक रूप से समझदारी नहीं है। तुर्की का यह शक्ति प्रदर्शन यह साफ संकेत है कि राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन की सरकार भविष्य के लिए परमाणु निवारक (Nuclear Deterrence) क्षमता तैयार कर रही है।
अभी यह मिसाइल डेवलपमेंट और प्रोटोटाइप स्टेज में पर आगे....
अभी यह मिसाइल डेवलपमेंट और प्रोटोटाइप स्टेज में है और इसके वास्तविक लाइव टेस्ट होने बाकी हैं, लेकिन इसके अनावरण ने यह साफ कर दिया है कि तुर्की अब सिर्फ ड्रोन बनाने तक सीमित नहीं है। 'यिल्दिरिमहान' के जरिए तुर्की वैश्विक महाशक्तियों की मेज पर अपनी जगह पक्की करने की हुंकार भरता दिख रहा है।
